समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 02 नवंबर 2026
जिला नियोजनालय, बक्सर के तत्वावधान में एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यवसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित, 800 अभ्यर्थियों को कंपनियों ने किया शॉर्टलिस्ट
25 निजी कंपनियों ने लिया भाग, 1000 से अधिक रिक्तियों के विरुद्ध प्राप्त हुए 1555 बायोडाटा; युवाओं को निःशुल्क स्टडी एवं टूल किट का किया गया वितरण
जिला नियोजनालय, बक्सर के तत्वावधान में आज दिनांक 02 नवंबर 2026 को संयुक्त श्रम भवन, आई०टी०आई० परिसर, चरित्रवन, बक्सर में एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यवसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन माननीय विधायक बक्सर विधानसभा श्री आनंद मिश्र जी, प्रभारी जिला पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त श्रीमती निहारिका छवि, श्रम अधीक्षक श्री संजय कुमार एवं जिला नियोजन पदाधिकारी श्री प्रणव प्रतीक द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस नियोजन मेले में निजी क्षेत्र की कुल 25 कंपनियों द्वारा स्टॉल लगाकर 1000 से अधिक रिक्तियों की जानकारी उपलब्ध कराई गई। इसके अतिरिक्त युवाओं को स्वरोजगार एवं व्यवसायिक मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से DRCC, R-SETI, SHIV DURGA TRADERS एवं LRD के कुल चार स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से कुल 13 युवाओं को मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
मेले में कुल 1555 अभ्यर्थियों ने अपना बायोडाटा जमा किया, जिनमें से कंपनियों द्वारा प्रथम स्तर पर 800 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। इस दौरान SIS सहित अन्य कंपनियों द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर भी वितरित किए गए।
इस बार नियोजन मेले में जिले के स्थानीय स्टार्टअप SHIV DURGA TRADERS को भी विशेष रूप से स्टॉल उपलब्ध कराया गया, ताकि जिले में स्टार्टअप को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ उनके कार्यों का प्रचार-प्रसार किया जा सके।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि माननीय विधायक श्री आनंद मिश्र जी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक जिले में 'नियोजक आपके द्वार' कार्यक्रम के तहत नियोजन मेलों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित युवक-युवतियों से अपील की कि वे ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा उपलब्ध रोजगार अवसरों का अधिकतम लाभ उठाएं।
उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि नौकरी की शुरुआत में कार्यकुशलता एवं प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देना चाहिए। यदि पारिवारिक परिस्थितियां अनुकूल हों, तो बिहार से बाहर अन्य राज्यों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों का भी लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने युवाओं को अपने करियर विकल्पों को सीमित नहीं रखने तथा नौकरी प्राप्त करने के साथ-साथ रोजगार सृजनकर्ता बनने की दिशा में भी प्रयास करने का आह्वान किया।
मेले के दौरान कुल 15 युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क स्टडी किट तथा 17 अभ्यर्थियों को स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने एवं उसमें सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से निःशुल्क टूल किट वितरित किए गए। सभी अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर नियोजकों से उपलब्ध रिक्तियों, कार्यस्थल एवं रोजगार की प्रकृति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इस योजना के तहत इच्छुक अभ्यर्थी बिहार रोजगार सेतु पोर्टल Detjob.bihar.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला नियोजनालय, बक्सर के दूरभाष संख्या 06183-450946 पर संपर्क किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अगला नियोजन मेला दिनांक 28 दिसंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के अलावा श्री धीरज कुमार (निम्न वर्गीय लिपिक), श्री तिरूपति नाथ शर्मा (डाटा एंट्री ऑपरेटर), श्री कामेश्वर प्रसाद एवं श्री विवेक कुमार (जिला कौशल प्रबंधक) सहित जिला नियोजनालय के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Buxar Administration Buxar Police CMO Bihar Samrat Choudhary जिला प्रशासन बक्सर #CMSamrat #IPRDBihar #IPRD_Bihar #BuxarNews #buxarcity #buxarjila #bihar #BiharNews
Buxar, Bihar | Nov 2, 2026