*मानसिक रूप से कमजोर एवं असहाय व्यक्तियों से बलात् श्रम कराने के मामले में 03 आरोपियों के विरुद्ध थाना इन्दरगढ़ ने किया अपराध पंजीबद्ध*
पुलिस अधीक्षक दतिया श्री मयूर खण्डेलवाल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मंजीत सिंह चावला एवं एसडीओपी सेवढ़ा श्री अजय चन्ना के मार्गदर्शन में थाना इंदरगढ़ पुलिस द्वारा मानसिक रूप से कमजोर एवं असहाय व्यक्तियों से कथित रूप से बंधक बनाकर बलात् श्रम कराए जाने के मामले में 03 आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
बंधक बनाकर बलात् श्रम कराए जाने प्राप्त शिकायत की जांच हेतु गठित टीम द्वारा दिनांक 02/09/2026 को ग्राम लक्ष्मणपुरा में पहुंच कर जांच की गई। जांच के दौरान आरोपीगण सुंदर सिंह यादव, सुरेन्द्र यादव एवं हिम्मत सिंह यादव, निवासी ग्राम लक्ष्मणपुरा के यहां कुल 04 मानसिक रूप से कमजोर एवं असहाय व्यक्ति घरेलू एवं पशुओं से संबंधित कार्य करते हुए पाए गए। पूछताछ में इनके यहां रहने एवं कार्य करने के संबंध में संतोषजनक जानकारी अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। चारों व्यक्तियों का रेस्क्यू कर जिला चिकित्सालय दतिया में मेडिकल परीक्षण कराया गया। चिकित्सकों द्वारा साइकियाट्रिक परीक्षण एवं हायर सेंटर हेतु रेफर किए जाने के बाद एसडीएम सेवढ़ा के निर्देशानुसार उन्हें संरक्षण एवं पुनर्वास हेतु अपना घर आश्रम, डबरा भेजा गया।
प्रथम दृष्टया जांच में व्यक्तियों को स्वतंत्र रूप से आने-जाने से रोककर उनकी इच्छा के विरुद्ध श्रम कराया जाना एवं उन्हें आमजन व लोक सेवकों से छिपाकर रखना पाया गया।इस संबंध में थाना इंदरगढ़ में अप.क्र. 290/2026, दिनांक 11.09.2026 दर्ज कर आरोपीगण सुंदर सिंह यादव, सुरेन्द्र यादव एवं हिम्मत सिंह यादव के विरुद्ध धारा 127(4), 143(2) एवं 146 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।
प्रकरण में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु दतिया पुलिस टीम द्वारा लगातार तलाश एवं संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।