हरदोई रोडवेज को मिले नए क्षेत्रीय प्रबंधक, कार्यभार संभालते ही किया औचक निरीक्षण
हरदोई। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) के हरदोई क्षेत्र को नए क्षेत्रीय प्रबंधक के रूप में गौरव वर्मा मिले हैं। मंगलवार को उन्होंने आधिकारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने से पहले उन्होंने हरदोई डिपो का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुबह हरदोई पहुंचते ही क्षेत्रीय प्रबंधक गौरव वर्मा ने डिपो परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक भुवनेश्वर कुमार ने उन्हें बसों की उपलब्धता, संचालन व्यवस्था, साफ-सफाई तथा यात्री सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। नए क्षेत्रीय प्रबंधक ने डिपो की कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद गौरव वर्मा क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
कार्यभार संभालने के बाद क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज कर्मचारियों द्वारा आयोजित धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने कन्या पूजन कर प्रसाद वितरण की शुरुआत कराई तथा आयोजित भंडारे में सहभागिता की।
इस अवसर पर गौरव वर्मा ने कहा कि हरदोई क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर, समयबद्ध और सुरक्षित परिवहन सेवा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि डिपो की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा तथा कर्मचारियों के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर कार्य संस्कृति को मजबूत किया जाएगा, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।