सामान्य कार्यकर्ता के घर पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, सादगी और आत्मीयता से जीता सभी का दिल
संतकबीरनगर: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी का खलीलाबाद आगमन उस समय विशेष चर्चा का विषय बन गया, जब उन्होंने जिले की सामान्य एवं कर्मठ भाजपा कार्यकर्ता साधना चौधरी के आवास पर पहुंचकर संगठन में कार्यकर्ताओं के सम्मान और उनके प्रति अपनी आत्मीयता का परिचय दिया। प्रदेश अध्यक्ष के आगमन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल बन गया तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए एकत्रित हो गए।बताया जाता है कि साधना चौधरी के ससुर लक्ष्मण चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का संबंध वर्षों पुराना है। दोनों ही जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से शुरू से जुड़े रहे हैं। अपने व्यस्त राजनीतिक कार्यक्रमों के बीच साधना चौधरी के आवास पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष ने न केवल पुराने संबंधों का निर्वहन किया, बल्कि यह भी संदेश दिया कि भाजपा में पद नहीं, बल्कि समर्पण और निष्ठा का सबसे अधिक महत्व है और संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सफलता का आधार उसके समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ता हैं, जिनकी मेहनत और संघर्ष के बल पर संगठन निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में साधना चौधरी एवं राजेंद्र चौधरी ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके उपरांत पंकज चौधरी सैंथवार मल्ल महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गंगा सिंह के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनकी माता जी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
यह दौरा एक बार फिर इस बात का सशक्त उदाहरण बन गया कि भारतीय जनता पार्टी में एक सामान्य कार्यकर्ता को भी सम्मान और अपनापन मिलता है तथा संगठन अपने कार्यकर्ताओं को परिवार की तरह मानता है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, राजेंद्र चौधरी, अशोक चौधरी, मंटू चौधरी, अमरेंद्र चौधरी, साहुल चौधरी, जिला उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्रा, तत्कालीन सभासद दिलीप निराला, शैलेश राजभर, दिनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।