निदेशक डॉ. ललित जैन ने की जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियों की समीक्षा, समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश
पंचकूला में जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
उपायुक्त सतपाल शर्मा के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने शुरू की तैयारियां
पंचकूला, 4 नवंबर: निदेशक जनगणना परिचालन एवं नागरिक पंजीकरण, हरियाणा डॉ. ललित जैन ने आज लघु सचिवालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिले में जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में उपायुक्त एवं प्रधान जनगणना अधिकारी, पंचकूला, श्री सतपाल शर्मा तथा नगराधीश एवं उप-प्रधान जनगणना अधिकारी सुश्री जागृति भी उपस्थित रहीं।
डॉ. ललित जैन ने बताया कि जनगणना का दूसरा चरण, जिसमें जनसंख्या गणना की जाएगी, जनवरी 2027 में शुरू होने की संभावना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस चरण के सफल एवं समयबद्ध संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं। विशेष रूप से पर्याप्त संख्या में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि जनसंख्या गणना जनगणना का एक महत्वपूर्ण एवं व्यापक चरण है, जिसमें काफी समय लगता है और इसके लिए अतिरिक्त मानव संसाधन के साथ-साथ बेहतर योजना एवं समन्वय की आवश्यकता होती है। इस दौरान नागरिकों से लगभग 40 विभिन्न प्रश्न पूछे जाएंगे, ताकि जनसंख्या से संबंधित आवश्यक आंकड़े एकत्रित किए जा सकें।
डॉ. जैन ने जनगणना के प्रथम चरण- मकान सूचीकरण का कार्य सफलतापूर्वक एवं निर्धारित समय में पूरा करने के लिए जिला प्रशासन की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उपायुक्त एवं प्रधान जनगणना अधिकारी श्री सतपाल शर्मा के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन जनगणना के दूसरे चरण को भी निर्धारित समय सीमा में सफलतापूर्वक पूरा करेगा।
बैठक में अधिकारियों ने अवगत कराया कि जिला प्रशासन ने दूसरे चरण के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत दिसंबर 2026 में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें जनसंख्या गणना से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना के दूसरे चरण की प्रक्रिया, निर्धारित दिशा-निर्देशों तथा उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों को सही एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षित किया जाएगा।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री विनय कुमार, संयुक्त आयुक्त श्री गौरव चौहान, तहसीलदार, अंबाला मंडल की जनगणना संचालन प्रभारी सुश्री चंचल राजावत तथा जिला जनगणना समन्वयक श्रीमती मधु यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Panchkula, Panchkula | Nov 4, 2026