बरवाला में मिठाई की दुकानों पर मापतौल विभाग का विशेष जांच अभियान
ग्राहकों को मिठाई खरीदते समय डिब्बे का वजन अलग करवाने के लिए किया जागरूक
पंचकूला, 4 नवंबर : मापतौल विभाग के इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने उप नियंत्रक के दिशा-निर्देशों के अनुसार आज बरवाला में मिठाई की दुकानों पर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान बीकानेर स्वीट्स, माडू राम स्वीट्स, वीटा मिल्क बार, शर्मा स्वीट्स और सैनी मिष्ठान भंडार सहित विभिन्न दुकानों पर लगे इलेक्ट्रॉनिक कांटों की जांच की गई। साथ ही, दुकानों से मिठाई खरीदकर ले जा रहे ग्राहकों को दी जा रही मिठाई के वजन का भी गहनता से निरीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने मिठाई खरीदने आए ग्राहकों को भी जागरूक किया। उन्होंने ग्राहकों को बताया कि मिठाई खरीदते समय दुकानदार से डिब्बे का वजन अलग करवाएं और मिठाई का भुगतान उसके वास्तविक वजन के अनुसार ही करें। उन्होंने दुकानदारों को भी निर्देश दिए कि मिठाई तौलते समय डिब्बे का वजन शामिल न करें और ग्राहकों को निर्धारित वजन के अनुसार ही मिठाई उपलब्ध करवाएं।
इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि मिठाई की तुलाई के लिए केवल विभाग द्वारा सत्यापित इलेक्ट्रॉनिक कांटों का ही इस्तेमाल किया जाना चाहिए। यदि कोई दुकानदार बिना सत्यापन वाले इलेक्ट्रॉनिक कांटों का इस्तेमाल करता पाया गया तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान मापतौल विभाग के सहायक अश्वनी कुमार भी मौजूद रहे।