बारिश-चक्रवात की आशंका पर जालौन में अलर्ट, डीएम ने दिए सुरक्षा के निर्देश
दो दिन में 85.2 मिमी बारिश, सीजन में अब तक 805 मिमी वर्षा; जलभराव वाले क्षेत्रों और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील
भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 25 से 27 सितंबर तक जनपद में बारिश के साथ गरज-चमक एवं वज्रपात की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी समीर ने नागरिकों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने और अनावश्यक जोखिम से बचने की अपील की है। जनपद में पिछले दो दिनों में 85.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जबकि वर्तमान वर्षा ऋतु में अब तक कुल 805 से अधिक मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जो सामान्य औसत वर्षा से अधिक है।जिलाधिकारी ने कहा कि तेज बारिश एवं वज्रपात के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचते हुए सुरक्षित स्थान पर रहें। निचले इलाकों, जलभराव वाले मार्गों, नालों, नदी-नहरों एवं तालाबों के आसपास जाने से बचें। वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों व टावरों के नीचे खड़े होने के बजाय पक्के भवन में शरण लें। उन्होंने किसानों से मौसम खराब होने पर खेतों में कार्य रोककर सुरक्षित स्थान पर जाने तथा पशुओं को खुले स्थान अथवा पेड़ों के नीचे न बांधने की अपील की। वाहन चालकों को गति नियंत्रित रखने, कम दृश्यता में सुरक्षित स्थान पर रुकने और बहते पानी अथवा जलभराव वाले मार्गों को पार न करने की सलाह दी गई है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को भी स्थानीय स्तर पर सतर्कता बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नागरिकों से टूटे विद्युत तारों से दूर रहने, बच्चों एवं बुजुर्गों की विशेष सुरक्षा करने और मौसम संबंधी केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है। आपदा की स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 05162-255518, टोल फ्री आपदा हेल्पलाइन 1077, पुलिस 112 तथा एम्बुलेंस 102/108 पर संपर्क किया जा सकता है।
#orai #jalaun #Dmjalaun
Orai, Jalaun | Sep 26, 2026