जालौन में तेज बारिश और वज्रपात का अलर्ट, डीएम समीर ने जारी की एडवाइजरी
उरई। जालौन में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 25 से 27 सितंबर के बीच जिले में गर्जना, बिजली चमकने के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद जिला प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है।
इस मानसूनी सीजन में अब तक जनपद में 805 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि बीते दो दिनों में ही 85.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है। लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी समीर ने लोगों से मौसम खराब होने पर अनावश्यक जोखिम न लेने की अपील की है।
वज्रपात के दौरान बरतें सावधानी
जिलाधिकारी ने लोगों को सलाह दी है कि बारिश और बिजली कड़कने के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों और टावरों के नीचे खड़े न हों। सुरक्षित पक्के भवनों में रहना अधिक सुरक्षित है। निचले इलाकों, उफनते नालों, नदियों, नहरों और जलभराव वाले रास्तों से भी दूरी बनाए रखने को कहा गया है।
किसानों के लिए भी विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। मौसम खराब होने पर खेतों में काम रोककर सुरक्षित स्थान पर जाने तथा मवेशियों को पेड़ों के नीचे न बांधने की सलाह दी गई है।
वाहन चालकों को भी सतर्क रहने की सलाह
प्रशासन ने वाहन चालकों से बारिश के दौरान नियंत्रित गति से वाहन चलाने और तेज बहाव वाले पानी में वाहन न उतारने की अपील की है। साथ ही टूटे या गिरे बिजली के तारों से दूर रहने, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करने को कहा गया है।
आपात स्थिति के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने आपदा या आपात स्थिति में सहायता के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन नंबर सक्रिय रखे हैं:
जिला कंट्रोल रूम: 05162-255518
टोल-फ्री हेल्पलाइन: 1077
पुलिस: 112
एम्बुलेंस: 102/108
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में सावधानी बरतें और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
Orai, Jalaun | Sep 26, 2026