मवई में जल परीक्षण कार्यशाला आयोजित, फील्ड टेस्ट किट एवं जारमेक्स का वितरण
ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने तथा जल गुणवत्ता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खंड मंडला द्वारा विकासखंड मवई के जनपद सभागार में जल परीक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा मरकाम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बी.सी. टिमरिया तथा तहसीलदार श्री संगम पटले भी मौजूद रहे। कार्यशाला में विभाग के समन्वयक क्षमता निर्माण एवं प्रशिक्षण श्री उमागणेश लोधी ने फील्ड टेस्ट किट (एफटीके) के माध्यम से जल गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी तथा सुरक्षित पेयजल के लिए नियमित जाँच के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यशाला में ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पंप ऑपरेटर, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि तथा स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान जल नमूनों का परीक्षण कर प्रतिभागियों को व्यावहारिक रूप से जल गुणवत्ता जाँच की विधियाँ सिखाई गईं।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को जल परीक्षण के लिए फील्ड टेस्ट किट एवं जल शोधन के लिए जारमेक्स का वितरण किया गया। अतिथियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित करने के लिए नियमित जल परीक्षण, सामुदायिक सहभागिता एवं जागरूकता की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों में जल गुणवत्ता परीक्षण, जल संरक्षण एवं सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूकता बढ़ी। साथ ही ग्राम स्तर पर जल गुणवत्ता निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित हुई।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Department of Public Health Engineering, Madhya Pradesh
11 views | Mandla, Madhya Pradesh | Jun 16, 2026