उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का अभिनंदन, नगर पालिका अध्यक्ष ने बताए सफलता के सूत्र
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर कक्षा नवमी के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक वंदन कर आत्मीय स्वागत किया गया। प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को कक्षा में प्रवेश दिलाते हुए उन्हें नवीन सत्र की पाठ्यपुस्तकें निःशुल्क वितरित की गईं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कच्छवाहा ने विद्यार्थियों को विद्यालय की गरिमा के अनुरूप अध्ययन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने सफलता के विभिन्न सूत्र साझा करते हुए कहा कि विद्यार्थी केवल नौकरी प्राप्त करने तक ही अपने सपनों को सीमित न रखें, बल्कि स्टार्टअप और स्वरोजगार के क्षेत्र में भी उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर सफलता हासिल कर सकते हैं।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती कल्पना नामदेव ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन में उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता संघर्ष और निरंतर प्रयासों से प्राप्त होती है, इसलिए विद्यार्थियों को अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलकर नई चुनौतियों का सामना करना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन करियर काउंसलर श्री अखिलेश उपाध्याय ने किया। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उच्च माध्यमिक स्तर की पढ़ाई को गंभीरता से लेने तथा अपने लक्ष्य निर्धारित कर सफलता की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद विद्यालय पहुंचे छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में आर.के. हरदहा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रीता पाठक, रंजना पांडे, अपराजिता पाठक, सोनल अग्निहोत्री, सुजाता शर्मा, सारिका तिवारी, शालिनी साहू, कन्हैया बरमैया, प्रवीण अग्रवाल, आशीष बाजपेयी, मुकेश चौरसिया, विपिन लखेरा, अवधेश पांडेय सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Department of School Education, Madhya Pradesh