नंदानगर में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी कार, सेना के जवान की मौत!! घुमकी क्षेत्र में देर रात हुआ हादसा, छुट्टी पर घर आए जवान की मौत से गांव में मातम!!
नंदानगर (चमोली)। विकासखंड नंदानगर के घुमकी क्षेत्र में देर रात एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में सेना के जवान की मौत हो गई। मृतक की पहचान कुरूड़ गांव निवासी संदीप, पुत्र स्व. बच्ची राम गौड़ के रूप में हुई है। संदीप इन दिनों छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे।
जानकारी के अनुसार, संदीप देर शाम कार से लुन्तरा की ओर गए थे। देर रात तक उनके घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उनके भाई पवन संदीप की तलाश में लुन्तरा-चरबंग क्षेत्र तक गए, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
गुरुवार सुबह लुन्तरा के घुघटी नामक स्थान पर ग्रामीणों को खाई में एक कार दिखाई दी।
इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद कार से संदीप का शव बरामद कर बाहर निकाला गया।
सेना के जवान की हादसे में मौत की खबर से कुरूड़ गांव में शोक की लहर है। परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।