नव निर्वाचित सरपंच रामकेश सैनी ने किया कार्यभार ग्रहण ग्राम विकास को लेकर जताई प्रतिबद्धता, बिना भेदभाव के विकास कार्य कराने का दिया भरोसा
बाटोदा
ग्राम पंचायत बाटोदा के नव निर्वाचित सरपंच रामकेश सैनी ने बुधवार को विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ सरपंच पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर नवनिर्वाचित वार्ड पंचों, ग्रामवासियों एवं क्षेत्र के प्रबुद्धजनों की मौजूदगी में कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया संपन्न हुई। ग्राम विकास अधिकारी गोबिंद प्रसाद गुप्ता ने नव निर्वाचित सरपंच रामकेश सैनी को विधिवत पदभार ग्रहण करवाया। कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान ग्रामवासियों ने नव निर्वाचित सरपंच रामकेश सैनी सहित सभी नवनिर्वाचित वार्ड पंचों का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने जनप्रतिनिधियों को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए ग्राम पंचायत के सर्वांगीण विकास की उम्मीद जताई। इस अवसर पर सरपंच रामकेश सैनी ने ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत के विकास में गांव के सभी वर्गों को समान रूप से प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। आमजन की समस्याओं का समाधान करना, मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के विकास के लिए सभी वार्ड पंचों, ग्रामवासियों एवं प्रबुद्धजनों को साथ लेकर सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। पंचायत के विकास में राजनीतिक या व्यक्तिगत भेदभाव को आड़े नहीं आने दिया जाएगा। ।
Gangapur, Sawai Madhopur | Nov 18, 2026