पिपरिया में प्रस्तावित राजकीय डिग्री महाविद्यालय की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा
लखीसराय। मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में राज्य सरकार की योजना के तहत स्थापित किए जाने वाले डिग्री महाविद्यालयों के अस्थायी संचालन की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने पिपरिया प्रखंड स्थित उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय, बलीपुर का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पिपरिया में प्रस्तावित राजकीय डिग्री महाविद्यालय के संचालन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित प्राचार्य को निर्देश दिया कि नामांकन, कक्षाओं के संचालन, आधारभूत संरचना और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।
साथ ही उन्होंने अंचलाधिकारी, पिपरिया को निर्देशित किया कि डिग्री कॉलेज के स्थायी भवन निर्माण के लिए न्यूनतम पांच एकड़ भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु शीघ्र कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता के अनुरूप उच्च शिक्षा के विस्तार के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर महाविद्यालय का संचालन सुचारू रूप से शुरू किया जा सके।