विद्यालयों के निरीक्षण में डीएम ने दिए आवश्यक निर्देश, अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरा करने पर जोर
लखीसराय। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम ने बुधवार को बड़हिया प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था तथा शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया गया।
सबसे पहले अधिकारियों ने मध्य विद्यालय शहजादपुर का निरीक्षण किया, जहां विद्यालय परिसर में अधूरे पड़े दो-तीन कमरों के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया गया। इस संबंध में बिहार राज्य शैक्षिक आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। विद्यालय के प्रवेश द्वार पर जलजमाव की समस्या पाए जाने पर जिला पदाधिकारी ने तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
इसके बाद टीम ने उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, लक्ष्मीपुर का निरीक्षण किया। यहां विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, रख-रखाव तथा चारदीवारी के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और प्रधानाध्यापक को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विद्यालय परिसर को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाए रखने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों के सुचारू संचालन, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विद्यालयों के प्रधानाध्यापक मौजूद रहे।