*पूर्वी चंपारण जिला के 59 पंचायतों में सहयोग शिविर का किया गया आयोजन*
*सदर प्रखंड मोतिहारी के रुलही ग्राम पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में जिलाधिकारी ने शिरकत कर लोगों की सुनी शिकायतें एवं त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश*
*अब तक के सहयोग शिविर में प्राप्त 18101 आवेदन के विरुद्ध 17062 अर्थात 94. 26% का किया गया निष्पादन*
पूर्वी चंपारण जिला अंतर्गत शेष बचे कुल 59 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। जिले में सहयोग शिविर के आयोजन का प्रारंभ 19 मई 2026 से हुआ था। पूर्व के पांच चरणों में जिला के 335 पंचायत में सहयोग शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन कर लिया गया था। आज शेष बचे 59 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव ने सदर मोतीहारी प्रखंड के रुलही पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में खुद शिरकत कर आम जनों रूबरू हुए। सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। बहुत से ग्रामीणों ने अपनी शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखी जिसका उन्होंने तुरंत निष्पादन का संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। सहयोग शिविर में अनुमंडल पदाधिकारी सदर मोतिहारी श्री अरुण कुमार सहित प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारी उपस्थित थे। सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन का संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया गया। यहां पर उमेश पासवान की पत्नी विमल देवी ने बताया कि उनके नाम से जमीन का पर्चा कटा हुआ है, लेकिन दूसरा व्यक्ति बलपूर्वक घर बनवा रहा है। जिलाधिकारी ने अंचल अधिकारी को एक दिन में जांच कर वस्तु स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया। कुछ अन्य ग्रामीणों ने भी पर्चा की मांग की। श्री राम जी राम के द्वारा बताया गया कि उनके लड़के की मृत्यु 30 .07. 2025 में हो गई थी, उन्होंने राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना से संबंधित सहायता की मांग की। उनके आवेदन को अनुमंडल पदाधिकारी को देते हुए जिलाधिकारी ने दो दिनों में जांच कराते हुए उसे पर शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया। रुलही पंचायत में कुल 12 वार्ड शामिल हैं। जिलाधिकारी के द्वारा सोलर लाइट की शिकायत पर प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को आज ही सभी वार्डो का भ्रमण कर सोलर लाइट संबंधी जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि अगर एजेंसी के द्वारा गड़बड़ी की गई है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करें। जिलाधिकारी ने कहा कि सदर प्रखंड के सभी 16 पंचायत में अगले 16 दिन में भ्रमण कर सोलर लाइट की स्थिति के संबंध में प्रतिवेदन देना सुनिश्चित करें।
नल जल की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी के द्वारा कनीय अभियंता विद्युत एवं पीएचईडी को निर्देश दिया गया कि जहां भी नल जल की समस्या है उसका शीघ्र निष्पादन करें। एक ग्रामीण लक्ष्मण दास के द्वारा बताया गया कि अंत्योदय योजना के तहत मात्र 30 के किलोग्राम खाद्यान्न ही उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस पर जिलाधिकारी ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को सख्त निर्देश दिया कि जहां भी जरूरत हो अपनी देखरेख में खाद्यान्न का वितरण कराएं एवं सभी जगह यह सुनिश्चित करें कि जो निर्धारित मात्रा है उतने का वितरण भी किया जाए। कहीं भी कमी पाई जाए तो डीलर के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई करें। रुलही पंचायत शिविर में कुल 66 आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें से 26 आवेदनों का निष्पादन किया गया था। 36 आवेदन राशन कार्ड से संबंधित थे जिसका निष्पादन नहीं किया जा सका है क्योंकि राशन कार्ड से संबंधित वेबसाइट अभी सुचारू रूप से चालू नहीं है। जिलाधिकारी के द्वारा निर्देश दिया गया कि जैसे ही वेबसाइट चालू हो सभी प्राप्त आवेदनों के विरुद्ध राशन कार्ड निर्गत करने की कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी के द्वारा सहयोग शिविर में आए ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया गया और शिविर के महत्व को बताया गया। डीएम ने कहा कि आपको अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराना होगा और तत्पर रहना होगा। "सहयोग शिविर" पंचायत स्तर पर समस्याओं के समाधान के लिए सरकार के द्वारा बनाई गई एक समुचित व्यवस्था है जहां पर लोग अपनी समस्याओं को रख रहे हैं और उसका समाधान करा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए कृत संकल्पित है। समस्याओं को ऑनलाइन सहयोग पोर्टल अथवा ऑफलाइन माध्यम से जमा कराया जा सकता है। प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी के कार्यालय अथवा अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय में शिकायतों को दिया जा सकता है। अगर समाधान नहीं होता है तो प्रत्येक कार्य दिवस में संध्या 4:00 बजे से 5:00 तक जिलाधिकारी के कार्यालय में जिलाधिकारी से मिलकर अपनी समस्याओं से अवगत करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देश पर लोगों का जीवन आसान हो इसको लेकर जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है और कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर मुखिया श्री मदन मोहन दास, सरपंच श्री सुरेंद्र साह सहित पंचायत स्तर के सभी कर्मी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar