#भरतपुर। जिले में आगामी नगर निकाय आम चुनाव के द्वितीय चरण को शांतिपूर्ण और भयमुक्त कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के निर्देशन में पुलिस बल ने नदबई, बयाना, उच्चैन और वैर के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील इलाकों और मतदान केंद्रों के आसपास व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान अधिकारियों ने नागरिकों से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चुनाव में बाधा डालने वाले असामाजिक तत्वों और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, वहीं संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।