राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मंथन सभागार में कार्यक्रम का आयोजन।
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आज दिनांक 18 नवंबर 2026 को मंथन सभागार, समाहरणालय, शेखपुरा में जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर समाहर्ता, शेखपुरा ने की।
राष्ट्रीय प्रेस दिवस समारोह के आयोजन की तिथि के संबंध में उल्लेखनीय है कि छठ महापर्व के अवसर पर व्यस्तता के कारण स्थानीय पत्रकार बंधुओं द्वारा पूर्व निर्धारित तिथि पर कार्यक्रम में सहभागिता कर पाने में असमर्थता व्यक्त की गई थी। इस परिप्रेक्ष्य में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, श्री मृत्युंजय कुमार द्वारा विभाग से आवश्यक सहमति प्राप्त करने के उपरांत जिला स्तरीय राष्ट्रीय प्रेस दिवस समारोह का आयोजन दिनांक 18 नवंबर 2026 को किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अपर समाहर्ता एवं उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकारों द्वारा अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता (विभागीय जाँच), अनुमंडल पदाधिकारी, शेखपुरा एवं अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को शॉल एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, प्रशासनिक पदाधिकारियों द्वारा भी उपस्थित पत्रकारों को शॉल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है तथा समाज के प्रति पत्रकारों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने समाचारों के प्रकाशन एवं प्रसारण में सत्यता, निष्पक्षता एवं तथ्यात्मकता बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पूर्व उसके तथ्यों की समुचित जांच आवश्यक है, ताकि आम जनता तक सही एवं प्रामाणिक जानकारी पहुंचे। पत्रकारिता का उद्देश्य केवल समाचारों का संकलन एवं प्रसारण करना ही नहीं, बल्कि जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना, सामाजिक समस्याओं को सामने लाना तथा आमजन को जागरूक करना भी है।
इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों ने भी अपने विचार एवं सुझाव साझा किए। चर्चा के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में आ रही चुनौतियों, समाचारों की विश्वसनीयता, पत्रकारों की भूमिका तथा प्रशासन एवं मीडिया के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिले में पत्रकारों के हितों के संरक्षण, आपसी समन्वय एवं संगठनात्मक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रेस क्लब के गठन के संबंध में भी चर्चा की गई। उपस्थित पत्रकारों ने इस संबंध में अपने सुझाव साझा किए तथा प्रेस क्लब की आवश्यकता एवं इसके गठन की प्रक्रिया पर विचार-विमर्श किया। इसे पत्रकारों के बीच बेहतर संवाद, सहयोग एवं रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। इस अवसर पर श्री संजय कुमार, अपर समाहर्ता (विभागीय जाँच), सुश्री प्रियंका कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी, शेखपुरा, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), श्रीमती सरोज पासवान, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, न्यूज 18 बिहार-झारखंड के संपादक अजीत कुमार, दैनिक भास्कर डिजिटल के ब्यूरो चीफ नवीन कुमार, दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ अरुण कुमार सारथी , अरविन्द आनन्द सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Sheikhpura, Sheikhpura | Nov 18, 2026