आज दिनांक 18 नवंबर 2026 को समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में आज श्री लखींद्र पासवान, अपर समाहर्ता सह प्रभारी जिला पदाधिकारी शेखपुरा की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग अंतर्गत समेकित बाल विकास सेवाएँ की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की सभी छह परियोजनाओं— शेखपुरा, बरबीघा, अरियरी, चेवाड़ा, शेखोपुरसराय और घाटकुसुम्भा— के कार्यों की गहन समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) की प्रगति पर चर्चा की गई, जिसमें जिले में अब तक 5048 के लक्ष्य के विरुद्ध 2779 (55.05%) लाभार्थियों का ही नामांकन हो सका है। प्रभारी जिला पदाधिकारी महोदय ने पात्र लाभार्थियों को इस योजना के लाभ से वंचित रखने वाली महिला पर्यवेक्षिकाओं और बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना में जिले की वर्तमान उपलब्धि 90.39% है, जिसे शत-प्रतिशत पूर्ण करने के लिए सभी योग्य लाभार्थियों को शीघ्र जोड़ने का आदेश दिया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन संचालन की समीक्षा में यह बात सामने आई कि जिले के कुल 718 केंद्रों में से 339 केंद्र गैर-सरकारी (किराये के) भवनों में चल रहे हैं। इसमें सबसे अधिक बरबीघा प्रखंड में 165 में से 111 केंद्र (67.27%) किराये के भवनों में संचालित हैं। बैठक में निर्देश दिया गया कि किराये पर चल रहे सभी केंद्रों को अविलंब नजदीकी सरकारी भवनों में स्थानांतरित किया जाए। साथ ही, नए आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अंचलाधिकारियों को सूची उपलब्ध कराने का निर्देश सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को दिया गया।
बरबीघा, चेवाड़ा और घाटकुसुम्भा प्रखंडों में जिन सरकारी भवनों पर अतिक्रमण है, उनकी सूची संबंधित अंचलाधिकारियों को उपलब्ध कराते हुए उन्हें अतिक्रमण मुक्त कराने और वहां आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सुनिश्चित कराने को सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को निर्देश दिया गया।
जिले में कुल 86 आंगनबाड़ी केंद्र ऐसे चिह्नित किए गए हैं जहां पेयजल की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिनमें सर्वाधिक 35 केंद्र अरियरी और 32 केंद्र शेखपुरा परियोजना में हैं। इन सभी 86 पेयजल विहीन केंद्रों की सूची लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया ताकि वहां शीघ्र पेयजल की व्यवस्था की जा सके।
बैठक में जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं और अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।