### राजकीय प्राथमिक पाठशाला रड़ो पैंद में सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित
राजकीय प्राथमिक पाठशाला रड़ो पैंद में सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसएमसी प्रधान श्रीमती पूजा शर्मा एवं उपप्रधान श्री बलजीत सिंह की विशेष भूमिका रही। उनके आमंत्रण पर स्टूडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी के मुख्य संरक्षक डॉ. एम. आर. लांबा, अध्यक्ष इंजीनियर अशोक ग्रोवर, उपाध्यक्ष श्रीमती संतोष भल्ला, संयुक्त सचिव इंजीनियर बलवंत सिंह, कोषाध्यक्ष श्री एस. के. चावला तथा सदस्य श्री प्रमोद गर्ग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कविता पाठ, कहानी वाचन, समूह नृत्य एवं शतरंज प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
सोसाइटी द्वारा प्रत्येक विद्यार्थी को स्टेशनरी, नोटबुक, रंग भरने की पुस्तकें एवं जूते भेंट किए गए। साथ ही विद्यालय को एक हीटर भी प्रदान किया गया। इस उदार सहयोग से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
अंत में विद्यालय प्रभारी श्रीमती ज्योत्सना शर्मा ने सभी अतिथियों, सोसाइटी के सदस्यों एवं एसएमसी का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग एवं सहभागिता से ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और विद्यालय के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलती है।
कार्यक्रम ने विद्यालय एवं समुदाय के बीच सहयोग, विश्वास और सहभागिता की भावना को और सुदृढ़ किया।