सावन के प्रथम सोमवार पर विधायक प्रकाश राणा ने पत्नी संग श्री त्रिवेणी महादेव मंदिर में किया जलाभिषेक, क्षेत्र की खुशहाली की कामना
जोगिन्दरनगर, उमेश कुमार।
सावन माह के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर जोगिन्दरनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रकाश राणा ने अपनी धर्मपत्नी के साथ श्री त्रिवेणी महादेव मंदिर, घटोड़ में भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव से जोगिन्दरनगर विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की मंगलकामना की।
मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान विधायक प्रकाश राणा ने भगवान भोलेनाथ के श्रीचरणों में शीश नवाकर क्षेत्र की उन्नति, लोगों के उत्तम स्वास्थ्य, आपसी भाईचारे और विकास की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना का विशेष पर्व माना जाता है और प्रथम सोमवार का धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। इस अवसर पर भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने से जीवन में सुख, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
उन्होंने कहा कि उनकी कामना है कि भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा समस्त जोगिन्दरनगर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक परिवार पर बनी रहे तथा प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहे। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को सावन माह के प्रथम सोमवार की शुभकामनाएं देते हुए धार्मिक आस्था, सामाजिक सद्भाव और मानव सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश भी दिया।
विधायक प्रकाश राणा ने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की कि प्रदेश में सुख-समृद्धि का वातावरण बना रहे, सभी नागरिक स्वस्थ एवं सुरक्षित रहें तथा समाज में प्रेम, सौहार्द और एकता की भावना और अधिक मजबूत हो। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देवाधिदेव महादेव की कृपा से जोगिन्दरनगर विधानसभा क्षेत्र निरंतर प्रगति और विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।