*लोकगीतों और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अनुसूचित जाति एवं जनजाति अधिनियम व जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी*
*जोगिंदर नगर , सुनील कुमार।*
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सौजन्य से संचालित विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत आज सरस्वती म्यूजिकल ग्रुप बरोटी के कलाकारों द्वारा ग्राम पंचायत सगनेहड़ एवं लड़भड़ोल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में लोकगीतों, नुक्कड़ नाटक तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
कलाकारों ने अपने प्रभावशाली गीतों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से बताया कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए अधिनियम में कई महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने लोगों को अधिनियम के तहत उपलब्ध अधिकारों, अत्याचार की स्थिति में कानूनी संरक्षण तथा न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जागरूक किया।
इस दौरान अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना, स्वर्ण जयंती आश्रय योजना, प्रशिक्षण एवं दक्षता विकास योजना सहित अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। कलाकारों ने पात्र लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया गया। विशेष रूप से प्रदेश सरकार के एंटी चिट्टा अभियान के तहत चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए समाज को नशा मुक्त बनाने का संदेश दिया गया। लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार और समाज को भी इस बुराई से बचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रमों के दौरान ग्राम पंचायत सगनेहड़ की प्रधान अनिता कुमारी,उप प्रधान दीप चंद , ग्राम पंचायत लड़भडोल के प्रधान राजेश कुमार तथा अन्य पंचायत प्रतिनिधि भी विशेष रूप से मौजूद रहे।