छात्रा ने देवी बनकर प्लास्टिक रूपी गंदगी का वध कर दिया स्वच्छता का संदेश
नवरात्रि में देवी के रूप में सजे बच्चों ने जगाई स्वच्छता की अलख
एसडी पब्लिक स्कूल में स्वच्छता की शक्ति विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
यमुनानगर। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर निगम की ओर से मॉडल टाउन स्थित सनातन धर्म पब्लिक स्कूल में ‘स्वच्छता की शक्ति’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्रा ने ‘स्वच्छता की देवी’ का रूप धारण कर गंदगी, कचरे, मच्छरों और बीमारियों का वध कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
मेयर सुमन बहमनी व नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर प्रधानाचार्या मोनिका शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक वेशभूषा और संदेशपरक पोस्टरों के माध्यम से स्वच्छता का महत्व समझाया। उन्होंने लोगों को अपने आसपास सफाई रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने और पानी जमा न होने देने के प्रति जागरूक किया। एक छात्रा ने स्वच्छता की देवी बनकर गंदगी, सिंगल यूज प्लास्टिक, कचरे, मच्छर और गंदगी रूपी बीमारियों का अपने त्रिशूल से वध कर स्वच्छता का संदेश दिया। नगर निगम के स्वच्छ भारत मिशन के एक्सपर्ट दुर्गेश कुमार ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता की आदतें अपनाकर मच्छरों के प्रजनन और उनसे होने वाली बीमारियों को रोकने में मदद मिल सकती है। घरों और आसपास साफ-सफाई रखने के साथ गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग रखना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता का संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया। मौके पर भूपेंद्र सिंह और अमन कुमार आदि मौजूद रहें।
फोटो - सनातन धर्म पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता की देवी की प्रस्तुति देती छात्रा।