रोहतास के सिकरिया डैम पर MTV रोडीज की शूटिंग शुरू, पर्यटन को मिलेगी नई पहचान
डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने निखिल चिनापा के साथ किया उद्घाटन, कैप्टन की भूमिका में नजर आएंगी अभिनेत्री नेहा धूपिया
सासाराम (रोहतास)। रोहतास जिले के सिकरिया डैम के पास मशहूर रियलिटी शो MTV रोडीज की शूटिंग शुरू हो गई है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में उत्सुकता बढ़ गई है। जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने अभिनेता एवं रोडीज गैंग के सदस्य निखिल चिनापा के साथ शूटिंग का उद्घाटन किया।
इस शो में मशहूर अभिनेत्री नेहा धूपिया भी कैप्टन की भूमिका में शामिल हैं। रोडीज गैंग के सदस्य निखिल चिनापा ने शूटिंग की एक झलक सोशल मीडिया पर साझा की है। जिले में लोकप्रिय रियलिटी शो की शूटिंग शुरू होने से रोहतास के पर्यटन स्थलों को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध रोहतास का सिकरिया डैम अपने आकर्षक प्राकृतिक परिवेश के कारण इस आयोजन के लिए खास है। यहां शूटिंग होने से जिले की खूबसूरती देशभर के दर्शकों तक पहुंच सकती है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की भी संभावना है।
युवाओं के बीच लोकप्रिय MTV रोडीज की शूटिंग रोहतास में होने से जिले में मनोरंजन जगत की गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब दर्शकों को शो के आगामी एपिसोड का इंतजार है।
Kargahar, Rohtas | Oct 23, 2026