बिक्रमगंज में बदलेगी मीट-मछली मार्केट की जगह, काव नदी पुल के पास शिफ्ट करने की तैयारी तेज
तेंदुनी चौक के पास जाम से मिलेगी राहत, एसडीएम दिलीप कुमार ने प्रस्तावित स्थल का किया निरीक्षण
बिक्रमगंज (रोहतास)। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और बाजार को व्यवस्थित करने के लिए अनुमंडल प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। तेंदुनी चौक के समीप सब्जी मंडी से सटे मीट-मछली मार्केट को काव नदी पुल के पास स्थानांतरित करने की तैयारी चल रही है। इसी को लेकर गुरुवार को एसडीएम दिलीप कुमार ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया।
तेंदुनी चौक के पास मीट-मछली की दुकानों के कारण बाजार क्षेत्र में भीड़ और आवागमन की समस्या उत्पन्न होती है। इसे देखते हुए प्रशासन दुकानों को दूसरे स्थान पर व्यवस्थित करने की योजना बना रहा है। काव नदी पुल के समीप प्रस्तावित स्थल पर बाजार संचालित करने की संभावनाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने स्थल की उपयुक्तता, आवागमन, स्वच्छता और दुकानदारों के लिए उपलब्ध सुविधाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। इस पहल का उद्देश्य दुकानदारों को कारोबार के लिए उचित जगह उपलब्ध कराने के साथ सड़क पर भीड़ कम करना और आम लोगों को आवागमन में सहूलियत देना है।
प्रशासन को उम्मीद है कि मीट-मछली मार्केट के स्थानांतरण से तेंदुनी चौक के आसपास यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और बाजार क्षेत्र अधिक व्यवस्थित बनेगा। हालांकि, दुकानों को नई जगह पर शिफ्ट करने की अंतिम तिथि को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।