#भरतपुर। नदबई के राजकीय जिला अस्पताल का गुरुवार को संयुक्त निदेशक (जेडी) डॉ. सुनील कुमार ने औचक निरीक्षण किया, जिससे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान जेडी ने इमरजेंसी, महिला वार्ड, सोनोग्राफी रूम और लेबर रूम का बारीकी से जायजा लिया तथा डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ का हाजिरी रजिस्टर भी चेक किया। लेबर रूम में खिड़की टूटी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए इसे तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए, साथ ही नर्सिंग स्टाफ के कार्य वितरण में कमी मिलने पर कार्यों का उचित बंटवारा करने को कहा ताकि मरीजों को परेशानी न हो। अस्पताल में लंबे समय से गायनेकोलॉजिस्ट चिकित्सक की कमी के चलते महिलाओं को हो रही परेशानी पर जेडी डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि यहाँ पहले महिला रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति हुई थी लेकिन वे एसआरशिप के लिए चले गए, इसलिए क्षेत्र की महिलाओं को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार को पुनः नियुक्ति का प्रस्ताव भेजा जाएगा।