निर्माणाधीन पानी की टंकी का छज्जा गिरने से मजदूर की मौत, निर्माण गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल
संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भैंसही उर्फ भैंसवारिया में जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी का छज्जा और शटरिंग अचानक करीब 40 फीट की ऊंचाई से भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में शोभराज निवासी अहिरौली की मौत हो गई, जबकि लाडन अली निवासी सोहंग महुआ खुर्द, कुशीनगर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
बताया गया कि बुधवार को पानी की टंकी की सीढ़ी के छज्जे की ढलाई का काम चल रहा था।
इसी दौरान अचानक शटरिंग समेत छज्जे का बड़ा हिस्सा नीचे आ गिरा और दोनों मजदूर मलबे की चपेट में आ गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से शोभराज को गंभीर हालत में गोरखपुर रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में कथित घटिया सामग्री के इस्तेमाल और मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।