मुरैना सदर बाजार में आकांक्षा दुबे और व्यापारियों के बीच तीखी बहस, माफी की मांग पर अड़े व्यापारी
सफाई व्यवस्था को लेकर विवाद ने पकड़ा तूल, निगम का अमला, पार्षद और महापौर पुत्र मोनू सोलंकी भी पहुंचे मौके पर
मुरैना। शहर के प्रमुख सदर बाजार में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम और व्यापारियों के बीच विवाद गहराता जा रहा है। सफाई व्यवस्था की शिकायत करने पर महिला अधिकारी द्वारा कथित तौर पर व्यापारियों को झाड़ू नहीं लगवाने की बात कहने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम की महिला अधिकारी आकांक्षा दुबे सदर बाजार में गंदगी को लेकर व्यापारियों के चालान करने पहुंची थीं। इस दौरान व्यापारियों ने बाजार में नियमित सफाई नहीं होने और जगह-जगह फैली गंदगी को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। आरोप है कि इस पर महिला अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कथित तौर पर कहा था कि अब कल से झाड़ू नहीं लगेगी।
व्यापारियों का आरोप है कि अगले दिन सदर बाजार में सफाई कर्मचारी झाड़ू लगाने नहीं पहुंचे। इससे नाराज व्यापारियों को खुद ही सड़क पर उतरकर सफाई करनी पड़ी। इस घटनाक्रम के बाद व्यापारियों में नगर निगम के रवैये को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली।
विवाद बढ़ने के बाद नगर निगम का अमला महिला अधिकारी आकांक्षा दुबे के साथ सदर बाजार पहुंचा। यहां व्यापारियों और महिला अधिकारी के बीच सफाई व्यवस्था एवं कथित बयान को लेकर तीखी बहस हुई। व्यापारियों ने साफ कहा कि वे अपनी मांग से पीछे नहीं हटेंगे और महिला अधिकारी को व्यापारियों से माफी मांगनी होगी।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मौके पर नगर निगम के पार्षदों के साथ महापौर पुत्र मोनू सोलंकी भी पहुंचे। मौके पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा और व्यापारियों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए माफी की मांग दोहराई।
अब बड़ा सवाल यह है कि शहर की सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारी और कर्मचारी यदि व्यापारियों की शिकायतों पर इस तरह प्रतिक्रिया देंगे तो शहर की सफाई व्यवस्था कैसे सुधरेगी? क्या नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी इस पूरे मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करेंगे?
फिलहाल व्यापारियों की मांग है कि महिला अधिकारी आकांक्षा दुबे अपने कथित बयान को लेकर माफी मांगें।
#मुरैना #morena #व्यापारी #नगरनिगम