मुरैना में दिनदहाड़े 3.50 लाख रुपये से भरा बैग चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात
मुरैना। दीपावली से पहले मुरैना शहर में चोरी की वारदात सामने आई है। पुल तिराहे पर स्थित गल्ला व्यापारी की दुकान से अज्ञात चोर रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। बैग में करीब 3 लाख 50 हजार रुपये बताए जा रहे हैं। चोरी की घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद व्यापारियों में चिंता का माहौल है।
दुकान के काउंटर में रखा था रुपयों से भरा बैग
जानकारी के मुताबिक, शहर के पुल तिराहे पर संतोष बंसल और पारस जैन गल्ले की दुकान संचालित करते हैं। मंगलवार सुबह व्यापारी संतोष बंसल घर से बैग में 4 लाख 50 हजार रुपये लेकर दुकान पहुंचे थे। दुकान पर पहुंचने के बाद उन्होंने रुपयों से भरा बैग काउंटर के अंदर रख दिया और अपने काम में लग गए।
बताया जा रहा है कि व्यापारी ने बैग में रखी रकम में से एक लाख रुपये अपने छोटे भाई को दे दिए थे। इसके बाद बैग में करीब 3 लाख 50 हजार रुपये शेष थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति दुकान में पहुंचा और मौका मिलते ही काउंटर के अंदर रखा रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गया।
CCTV फुटेज के आधार पर चोर की तलाश
घटना की जानकारी मिलने पर स्टेशन रोड थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।
दीपावली से पहले चोरी से व्यापारियों में चिंता
दीपावली से ठीक पहले बाजार में हुई इस वारदात ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। दुकान से इतनी बड़ी रकम चोरी होने के बाद पुलिस की जांच पर नजर बनी हुई है।