#बालाघाट
सूर्य की रोशनी से बदली खेती की तस्वीर:
कोकिला ठाकुर के खेत पहुंची सिंचाई की नई ताकत
सोलर पंप से सिंचाई हुई आसान, खरीफ के साथ अब रबी से भी होगी आय
खेती में समय पर सिंचाई किसी भी किसान की सफलता की सबसे बड़ी कुंजी होती है। बालाघाट जिले की कटंगी तहसील के ग्राम नहलेसरा की महिला कृषक श्रीमती कोकिला ठाकुर के लिए भी सिंचाई एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन अब प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना ने उनकी इस समस्या का स्थायी समाधान कर दिया है। खेत में 7.5 हार्सपावर क्षमता का सोलर पंप स्थापित होने के बाद उनके परिवार की खेती को नई ऊर्जा और नई दिशा मिली है।
कोकिला ठाकुर ने प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना के तहत अपने डेढ़ एकड़ खेत में सोलर पंप लगाने के लिए आवेदन किया था। योजना के अंतर्गत सोलर पैनल, पंप एवं अन्य उपकरणों की कुल लागत में उन्हें केवल 10 प्रतिशत अंशदान के रूप में 41 हजार 570 रुपये जमा करने पड़े, जबकि शेष 90 प्रतिशत राशि शासन द्वारा अनुदान के रूप में प्रदान की गई।
खेत में सोलर पैनल और पंप की स्थापना का कार्य पूरा हो चुका है तथा 12 जून 2026 से सोलर पंप के माध्यम से सिंचाई का कार्य भी शुरू हो गया है। अब खेत में दिनभर सूर्य की रोशनी से संचालित पंप के जरिए आसानी से पानी उपलब्ध हो रहा है।
कोकिला ठाकुर बताती हैं कि पहले उनके खेत में बिजली का कनेक्शन तो था, लेकिन सिंचाई के लिए पर्याप्त समय पर बिजली नहीं मिल पाती थी। कई बार फसलों को पानी देने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता था। इसके अलावा बिजली का बिल भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ बनता जा रहा था। समय पर सिंचाई नहीं होने से फसल उत्पादन प्रभावित होने की आशंका बनी रहती थी।
अब सोलर पंप लग जाने से यह सारी परेशानियां दूर हो गई हैं। कोकिला ठाकुर और उनके पति जितेन्द्र ठाकुर का कहना है कि सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई व्यवस्था ने उनकी खेती को आत्मनिर्भर बना दिया है। अब उन्हें न तो बिजली कटौती की चिंता है और न ही बिजली बिल का खर्च उठाना पड़ेगा। आवश्यकता अनुसार किसी भी समय सिंचाई कर सकेंगे, जिससे फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में वृद्धि होगी।
सिंचाई की सुविधा सुनिश्चित होने से ठाकुर परिवार ने इस वर्ष धान की फसल लगाने की पूरी तैयारी कर ली है। साथ ही उन्हें उम्मीद है कि खरीफ सीजन के बाद रबी फसलों की खेती भी बेहतर तरीके से कर सकेंगे। इससे उनकी कृषि आय में वृद्धि होगी और परिवार की आर्थिक स्थिति और मजबूत बनेगी।
प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना किसानों को सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराकर खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। ग्राम नहलेसरा की महिला कृषक कोकिला ठाकुर इसका जीवंत उदाहरण हैं, जिनके खेत में पहुंची सूर्य की शक्ति अब समृद्धि की नई कहानी लिख रही है। उनकी इस पहल से अन्य किसानों को भी अपने खेतों में सोलर पंप लगाने की प्रेरणा मिल रही है।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #newenergymp
#PMSuryaGhar #SolarEnergy
1 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jun 13, 2026