जलपरी शो का टैंक फटा, 4 बच्चों समेत 15 घायल: सिर-चेहरे में कांच घुसे, 20 हजार लीटर पानी भरा था; बहराइच मेले में हादसा
बहराइच मेले में जलपरी शो का पानी से भरा टैंक अचानक फट गया। हादसा जिस वक्त हुआ, उस वक्त 40 लोग शो देख रहे थे। टैंक फटने से 20 हजार लीटर पानी झटके से बाहर आया।
पानी के प्रेशर से कांच की दीवार टूट गई। शो में अचानक भगदड़ जैसे हालात हो गए। बच्चे पानी के बहाव में कई मीटर तक बह गए। कांच के टुकड़े चेहरे और सिर में धंस गए। 4 बच्चों समेत 15 लोग घायल हो गए।
पुलिस और आसपास के लोग सभी घायलों को नजदीकी सीएचसी ले गए। वहां से 2 बच्चों को रेफर कर दिया गया। उनके सिर-चेहरे में कांच के कई टुकड़े धंसे हैं। हादसे में एक जलपरी भी घायल हुई है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने कहा- मेला कमेटी अध्यक्ष और जलपरी शो संचालक समेत 4 को पुलिस ने हिरासत में लिया है। 7 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पानी का प्रेशर अधिक होने के कारण टैंक फटा है।
जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर फखरपुर के खालेपुर गांव में उर्स मेले में सोमवार रात 9 बजे हादसा हुआ। इसमें अर्थ (8), बुरऊ (7), अहद खान (8) और मोहम्मद सादिक (9) ज्यादा घायल हैं। सभी गांव के रहने वाले हैं।