जिला पदाधिकारी कटिहार की अध्यक्षता में जिला के सभी 20 मॉडल स्कूल के प्रधानाध्यापक के साथ बैठक आहूत की गई*
*सभी मॉडल स्कूल के साथ संबद्ध किए गए पदाधिकारी को जिला पदाधिकारी ने दिया दिशा-निर्देश।*
कटिहार,01 सितंबर 2026 मंगलवार।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी कटिहार आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा जुलाई 2026 में सम्पूर्ण राज्य में एक साथ 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का लोकार्पण किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक और उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है।
इन स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, ई-लाइब्रेरी, विज्ञान व कंप्यूटर की आधुनिक प्रयोगशालाओं और खेलकूद की बेहतरीन व्यवस्था की गई है, जहाँ अनुभवी व विषय विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु शिक्षा प्रदान किया जा रहा है।
साथ ही, यहाँ कमजोर छात्रों के लिए विशेष सुधारात्मक (Remedial) कक्षाओं और करियर काउंसलिंग जैसी सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई गई हैं।
इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) में शिक्षा के स्तर को और अधिक सुदृढ़ बनाने, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तथा विद्यालय के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक माहौल को बेहतर करने के उद्देश्य से पदाधिकारियों को विद्यालयों से सम्बद्ध किये जाने की आवश्यकता महसूस हुई है।
अतएव कटिहार जिलान्तर्गत सभी नव-उत्क्रमित / स्थापित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) में छात्रों के शैक्षणिक माहौल के पर्यवेक्षण-सह-शैक्षणिक मार्गदर्शन हेतु पदाधिकारियों को मॉडल स्कूल से सम्बद्ध किया है।
जिला पदाधिकारी ने उपस्थित प्रधानाध्यापक को स्कूल में नियमित रूप से पेरेंट्स टीचर मीटिंग आयोजित करने का निर्देश दिया। शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल कूद को भी प्रतिदिन रूटीन में शामिल करने का निर्देश दिया गया।
प्रत्येक शनिवार को नियमित रूप से साप्ताहिक टेस्ट लेने का निर्देश देते हुए जिला पदाधिकारी ने उपस्थित प्राचार्य गण को पढ़ाई में कमजोर छात्रों के प्रति सजगता से विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
विद्यालयों से सम्बद्ध सभी नामित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने आवंटित विद्यालय में नियमित रूप से अध्यापन-सह-मार्गदर्शन तथा सूक्ष्म पर्यवेक्षण का कार्य सुनिश्चित करेंगे। इस संबंध में पदाधिकारियों के दायित्व निम्नवत् निर्धारित किये गए-
1. अध्यापन एवं शैक्षणिक दायित्व नियमित कक्षाओं के संचालन के अतिरिक्त नामित पदाधिकारी प्रत्येक सप्ताह आवंटित विद्यालय में 1 अथवा इच्छानुसार 2 या इससे अधिक कक्षाएं स्वयं लेंगे। पदाधिकारी अपनी शैक्षणिक योग्यता एवं अभिरुचि के अनुसार विषय का चयन करते हुए छात्रों का मार्गदर्शन करेंगे। स्मार्ट क्लासरूम एवं डिजिटल संसाधनों का उपयोग करते हुए कमजोर छात्रों के लिए Remedial Classes के संचालन की निगरानी और उसमें सहयोग करेंगे।
2. पर्यवेक्षण एवं निरीक्षण दायित्व संबंधित नामित पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि विद्यालय में पाठ्यक्रम (Syllabus) समय पर पूरा हो रहा हो और शिक्षक आधुनिक शिक्षण विधियों का उपयोग कर रहे हों। स्कूल में उपलब्ध हाई-टेक सुविधाओं जैसे स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब और विज्ञान प्रयोगशाला के नियमित और सही उपयोग की समीक्षा करेंगे। विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने तथा ड्रॉप-आउट दर को कम करने के लिए प्रधानाध्यापक के साथ मिलकर ठोस कार्रवाई करेंगे।
3. उक्त के साथ सभी संबंधित पदाधिकारी विद्यालय में हो रहे पठन-पाठन कार्य, छात्रों को उपलब्ध करायी जा रही मूलभूत सुविधाओं की स्थिति, शिक्षकों की ससमय उपस्थिति, शिक्षा की गुणवत्ता एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में विचार-विमर्श करेंगे और इस क्रम में अपेक्षित सुधार हेतु संबंधित प्राचार्य के साथ समन्वय करते हुए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
4. प्रतिवेदन- विद्यालयों से सम्बद्ध किए गए सभी पदाधिकारी प्रत्येक सप्ताह अपनी कक्षा और पर्यवेक्षण की विस्तृत रिपोर्ट (निरीक्षण पंजी के साथ) अपने मंतव्य सहित जिला शिक्षा पदाधिकारी, कटिहार को भेजते हुए इसकी सूचना जिला पदाधिकारी को देंगे।
जिला शिक्षा पदाधिकारी, कटिहार प्राप्त प्रतिवेदन को संकलित कर जिला पदाधिकारी के समक्ष उपस्थापित कर अग्रेतर कार्रवाई करेंगे।
5. उपरोक्त के अतिरिक्त जिलान्तर्गत यदि कोई अन्य पदाधिकारी भी छात्रहित में उनके अध्यापन कार्य हेतु इच्छा रखते हो अथवा पठन-पाठन कार्य में जिनकी अभिरूची हो, वे अपने इच्छानुसार विद्यालय एवं विषय का चयन कर अध्यापन कार्य करना सुनिश्चित करेंगे एवं इसकी सूचना जिला पदाधिकारी को दे सकते हैं ।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी
कटिहार।
@topfans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Bihar Education Department #katihar #modelschool
Katihar, Bihar | Sep 1, 2026