सेब सीजन में भरमोर की सड़के न हो बंद,पिडबल्यूड़ी उठाए विशेष प्रबंध :ललित ठाकुर
भरमोर में पहली बार सेब सीजन की तैयारी को लेकर आयोजित हुई समीक्षा बैठक
भरमौर चंबा । जिला मार्केट कमेटी अध्यक्ष ललित ठाकुर ने भरमौर के थला क्षेत्र में सीवरेज की समस्या से किसानों की फसलों को हो रहे नुकसान पर चिंता जताते हुए प्रशासन को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने सेब सीजन को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीएम भरमौर को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। ऐसी बैठक भरमौर में पहली बार आयोजित हुई।
बैठक के दौरान स्थानीय किसानों ने बताया कि सीवरेज के कारण खेत बर्बाद हो रहे हैं और वे अपने खेतों तक भी नहीं पहुंच पा रहे हैं। इस पर ललित ठाकुर ने प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को भरमौर में कोल्ड स्टोर के लिए उपयुक्त स्थान तलाशने के निर्देश भी दिए, ताकि होली और भरमौर क्षेत्र के किसान व बागवान अपनी सेब फसल का बेहतर भंडारण कर सकें। साथ ही उद्यान विभाग से पिछले वर्ष सड़कों के बंद रहने के कारण खराब हुए सेब की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि इस बार सड़कों के बंद रहने से किसी भी बागवान की सेब फसल खराब नहीं होनी चाहिए। अगले महीने से सेब मंडियों तक पहुंचने का कार्य शुरू हो जाएगा, इसलिए सभी संपर्क मार्ग हर समय सुचारु रखें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क खोलने का कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि मौके पर मशीनें समय पर काम करती दिखाई दें। सड़कों की हालत खराब बनी है, जिससे सरकार की छवि खराब हो रही है। इसलिए सड़कों के हालातों में सुधार करें।
ललित ठाकुर ने कहा कि भरमौर में कृषि मंडी स्थापित करने के लिए करीब 12 बीघा भूमि की आवश्यकता है। अधिकारियों और बागवानों से उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि भवन निर्माण के लिए सरकार के पास बजट की कोई कमी नहीं है और जनहित के कार्यों में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के लिए कहा, जिसमें एडीएम, बागवान, किसान, लोनिवि के अधिकारी और जिला मार्किट कमेटी अध्यक्ष को जोड़ा जाए, ताकि बागवान सड़क अवरुद्ध होने की सूचना उसमें साझा कर सकें। जिस क्षेत्र में सेब निकलना होगा, वहां की जानकारी उस ग्रुप में दे पाएं।
उन्होंने कृषि विभाग से भरमौर में कृषि योग्य भूमि और यहां उगाई जाने वाली प्रमुख फसलों की विस्तृत जानकारी भी मांगी, ताकि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि विकास के लिए प्रभावी योजनाएं बनाई जा सकें। इस बैठक में एडीएम विकास शर्मा, अधिशासी अभियंता लोनिवि भाल सिंह, किसान सेब फल उत्पादक संगठन के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर, एसडीओ होली सहित उद्यान और कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ किसान बागवान मौजूद रहे।
Chamba, Chamba | Jul 6, 2026