नवादा/हिसुआ में झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से 17 वर्षीय युवक की मौत, क्लीनिक बंद कर डॉक्टर हुआ फरार, पुलिस जांच आरंभ ।
नवादा जिले के हिसुआ में एक कथित झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से 17 वर्षीय युवक की जान चली गई। युवक को नशे की लत छुड़ाने के लिए क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद आरोपी डॉक्टर क्लीनिक बंद कर फरार हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान 17 वर्षीय प्रिंस कुमार के रूप में हुई है, जो दिनेश पांडेय का पुत्र था। प्रिंस का पैतृक गांव बिहारशरीफ के लिचरगंज में है। उसका परिवार वर्तमान में राजगीर की तुलसी गली में किराए के मकान में रहता था और कबाड़ी से जुड़ा व्यवसाय करता था। मृतक के पिता दिनेश पांडेय ने बताया कि उनका बेटा पिछले कुछ समय से ड्रग्स की लत का शिकार था। इसी दौरान एक दलाल ने उन्हें हिसुआ में नशा छुड़ाने के अच्छे इलाज की जानकारी दी। इसके बाद वे अपने बेटे को हिसुआ पानी टंकी के नजदीक गया रोड स्थित कैथीर मार्केट में संचालित अवैध शिफा क्लीनिक पर ले गए, जो कथित डॉक्टर नौशाद आलम का है। परिवार का आरोप है कि डॉक्टर ने इलाज के लिए 50,000 रुपये की मांग की थी और 40,000 रुपये एडवांस के तौर पर ले लिए थे। पिछले तीन दिनों से प्रिंस सांस लेने में तकलीफ से जूझ रहा था।परिवार के बार-बार कहने पर भी डॉक्टर, जो कथित तौर पर खुद नशे में था, यही कहता रहा कि 'ठीक हो जाएगा'। रात में प्रिंस की हालत और बिगड़ने पर डॉक्टर ने बताया कि उसके पास ऑक्सीजन नहीं है और परिवार को उसे किसी अन्य अस्पताल ले जाने को कहा। जब परिजन उसे अस्पताल ले गए, तो डॉक्टरों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही हिसुआ थाना अध्यक्ष के निर्देश पर एसआई परदेशी कुमार पुलिस बल के साथ क्लीनिक पर पहुंचे। हालांकि, आरोपी झोलाछाप डॉक्टर क्लीनिक बंद कर फरार हो चुका था। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस द्वारा क्लीनिक पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। Ppn News Hub,Nawada Bihar
नवादा से राकेश कुमार चंदन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Aug 22, 2026