देवास जिले में अवैध शराब परिवहन के दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की दुखद मृत्यु और 1800 लीटर से अधिक अल्कोहल की जब्ती के मामले में अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मंत्री विश्वास सारंग ने आरोप लगाया कि खातेगांव विधानसभा के कांग्रेस प्रभारी राहुल जायसवाल इस पूरे मामले में संलिप्त हैं। उन्होंने दावा किया कि राहुल जायसवाल और उनके भाई मनीष जायसवाल टिमरनी स्थित शराब दुकान के पार्टनर हैं और इसी दुकान से पूरे मामले के तार जुड़े हुए हैं।
सारंग के अनुसार, शराब दुकान के मैनेजर भूपेंद्र राणा ने पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियों का खुलासा किया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल जायसवाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के करीबी हैं।
मंत्री ने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है और इससे पहले भी प्रदेश में अवैध शराब से जुड़े मामलों में कांग्रेस नेताओं की संलिप्तता सामने आने के आरोप लगे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर प्रदेशभर में अवैध शराब के कारोबार को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस कारोबार से होने वाली कमाई का इस्तेमाल कांग्रेस कार्यालय के खर्चों और राजनीतिक गतिविधियों में किया जाता है।
सारंग ने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली जाने वाले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खर्चे का इंतजाम भी शराब माफियाओं द्वारा किया गया था।
मंत्री विश्वास सारंग ने स्पष्ट कहा कि इस पूरे मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews