अंबाला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 'ऑपरेशन मैदान' के तहत महिला सहित तीन नशा तस्कर गिरफ्तार, हेरोइन और गांजा बरामद,
माननीय पुलिस महानिरीक्षक (IG) श्री पंकज नैन के दिशा-निर्देशों पर और पुलिस अधीक्षक अंबाला श्री अजीत सिंह शेखावत के नेतृत्व मे जिला पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी।
तीन अलग-अलग मामलों में 25.65 ग्राम हेरोइन और 01 किलो 149 ग्राम गांजा बरामद।
नशे की चेन तोड़ने के लिए पुलिस मुस्तैद, आरोपियों को भेजा गया जेल व रिमांड पर।
माननीय पुलिस महानिरीक्षक (IG) अंबाला मंडल, श्री पंकज नैन के कुशल दिशा-निर्देशों पर तथा पुलिस अधीक्षक अंबाला श्री अजीत सिंह शेखावत के नेतृत्व में अंबाला पुलिस द्वारा नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाया जा रहा 'ऑपरेशन मैदान' अभियान पूरी तरह से सफल हो रहा है। अंबाला पुलिस ने अपने मजबूत सूचना तंत्र और मुस्तैदी के बल पर पिछले 24 घंटों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में एक महिला सहित तीन शातिर नशा तस्करों को प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के साथ दबोचा है।
पुलिस महानिरीक्षक के आदेशानुसार जिला पुलिस हर दिन नशा तस्करों को काबू कर सलाखों के पीछे भेज रही है और यह अभियान भविष्य में भी इसी तरह निरंतर जारी रहेगा।
कार्रवाई का विवरण (तीन अलग-अलग मामलों में सफलता):
1. पालिका विहार (अंबाला शहर) से महिला तस्कर गिरफ्तार, 18 ग्राम हेरोइन बरामद
एएनसी (ANC) टीम के सहायक उप निरीक्षक जसबीर सिंह और उनकी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पालिका विहार, अंबाला शहर से एक महिला को विधिनुसार काबू किया। तलाशी के दौरान महिला आरोपी के कब्जे से 18 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। थाना अंबाला शहर में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी महिला को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
2. साहा पुलिस द्वारा 7.65 ग्राम हेरोइन सहित शातिर अपराधी गिरफ्तार,
साहा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपी गुलशन कुमार (निवासी: गांव अकबरपुर) को 7.65 ग्राम हेरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। थाना साहा में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी गुलशन कुमार के खिलाफ पहले भी उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर और मुरादाबाद में लड़ाई-झगड़े से संबंधित आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर रिमांड हासिल किया है, ताकि पूछताछ के जरिए नशे की मुख्य सप्लाई चेन को तोड़ा जा सके और इसमें संलिप्त अन्य चेहरों को बेनकाब किया जा सके।
3. शहजादपुर पुलिस की कार्रवाई, 01 किलो 149 ग्राम गांजे के साथ तस्कर काबू,
नशा तस्करी के एक अन्य मामले में थाना शहजादपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी रुप्पा सिंह (निवासी: ऋषिनगर, शहजादपुर) को 01 किलो 149 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया। थाना शहजादपुर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है।
जनता से अंबाला पुलिस की अपील,
अंबाला पुलिस आम जनता से अपील करती है कि वे नशे के इस अभिशाप को समाज से मिटाने में पुलिस का सहयोग करें। यदि आपके आस-पास कोई भी व्यक्ति नशा बेचता या तस्करी करता है, तो उसकी सूचना तुरंत अंबाला पुलिस के विशेष हेल्पलाइन नंबर: 9729990112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
"नशा मुक्त समाज का निर्माण ही अंबाला पुलिस का मुख्य लक्ष्य है। 'ऑपरेशन मैदान' के तहत नशा तस्करों के खिलाफ यह जंग आगे और तेज की जाएगी।"
Haryana Police
Uklana, Hissar | Jun 5, 2026