कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की मौजूदगी में हुआ विवादित भूमि का सीमांकन
..
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता को जनसुनवाई कार्यक्रम में प्राप्त आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सिरोंज एसडीएम श्री हरिशंकर विश्वकर्मा ने बताया है कि अनुविभाग सिरोंज अंतर्गत ग्राम सांखला/दीपनाखेड़ा में लंबे समय से लंबित एक विवादित भूमि प्रकरण का सीमांकन कार्य प्रशासन की निगरानी में संपन्न कराया गया। आवेदक गणेशराम द्वारा प्रस्तुत आवेदन के आधार पर राजस्व विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सीमांकन की प्रक्रिया पूरी की।
सीमांकन कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार श्री मायाराम यादव और पुलिस बल की उपस्थिति सुनिश्चित की गई। प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में राजस्व अमले ने संबंधित भूमि का सीमांकन किया और मौके पर उपस्थित पक्षकारों को सीमाओं की जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सीमांकन कार्य पूरी पारदर्शिता एवं राजस्व अभिलेखों के आधार पर किया गया है। इस दौरान भूमि की वास्तविक स्थिति का परीक्षण कर निर्धारित सीमाओं का चिन्हांकन किया गया। प्रशासन ने दोनों पक्षों से कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा राजस्व विभाग द्वारा किए गए सीमांकन का सम्मान करने की अपील की।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन द्वारा निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से कराए गए सीमांकन कार्य की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि राजस्व संबंधी विवादों के त्वरित निराकरण के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि विवादों को कम किया जा सके और आमजन को समय पर न्याय मिल सके। इस कार्रवाई से संबंधित क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही भूमि संबंधी असमंजस की स्थिति समाप्त होने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।
Jansampark Madhya Pradesh
#Vidisha
75 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Jul 1, 2026