जिले में लगाए जाएंगे करीब 35 हजार पौधे, संत निरंकारी मिशन भी करेगा सहयोग
इसराना की 75 एकड़ पंचायती जमीन पर होगा पौधारोपण, डीसी ने किया स्थल निरीक्षण
इसराना :
पर्यावरण संरक्षण और जिले में हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से करीब 35 हजार पेड़-पौधे लगाए जाएंगे। पौधारोपण अभियान को सफल बनाने में संत निरंकारी मिशन भी सहयोग करेगा। इसी कड़ी में जिला उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने वीरवार देर शाम अधिकारियों के साथ इसराना गांव की पंचायती जमीन और निरंकारी समागम स्थल का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने बताया कि इसराना गांव में करीब 75 एकड़ पंचायती जमीन पर बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। उन्होंने मौके पर पहुंचकर पौधारोपण के लिए उपलब्ध भूमि और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि पौधारोपण अभियान को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सके।
इसके बाद उपायुक्त ने निरंकारी समागम स्थल पर पहुंचकर संत निरंकारी मिशन के अधिकारियों से बातचीत की और पौधारोपण अभियान में मिशन के सहयोग को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।
डॉ. वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल पौधे लगाने तक ही अभियान को सीमित न रखा जाए। लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई और सुरक्षा की उचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देकर ही पौधारोपण अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
उपायुक्त ने अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने के निर्देश देते हुए कहा कि जनभागीदारी से पौधारोपण अभियान को व्यापक रूप दिया जा सकता है। इससे जिले में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण को स्वच्छ रखने में भी मदद मिलेगी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मेघा भूषण, डीएफओ दीपक पाटिल, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, एसडीएम समालखा अमित कुमार, संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगेंद्र सुखीजा, कर्नल गुलेरिया, संजय सैनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो:- इसराना की 75 एकड जमीन का निरीक्षण करते डीसी हरीश कुमार वशिष्ठ व अन्य। जागरण
Israna, Panipat | Sep 10, 2026