ग्राम समाज की भूमि पर कब्जे के विवाद को लेकर पीड़ित ने लगाई गुहार, कार्रवाई न होने से जताया आक्रोश
.
#हरदोई: कोतवाली बेनीगंज क्षेत्र के ग्राम बक्सापुर निवासी पुनीत कुमार पुत्र नत्थू लाल कश्यप ने अपने ही गांव के चार लोगों पर जबरन दीवार निर्माण करने और लंबे समय से उनके कब्जे वाली भूमि पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि शिकायत के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई न होने से वह बेहद आहत और परेशान है।
पुनीत कुमार ने कोतवाली बेनीगंज में दिए गए लिखित शिकायती पत्र में बताया कि गांव के ही निवासी प्रमोद व प्रेम पुत्रगण रामचंद्र कश्यप तथा राजेश व भूरा पुत्रगण फौजी कश्यप मिलकर गांव के बाहर स्थित उनके हिस्से की ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि उक्त भूमि पर उनकी दीवारें पहले से बनी हुई हैं और करीब 40 वर्षों से लगातार उनका कब्जा चला आ रहा है।
पीड़ित के अनुसार, विपक्षीगण उनकी भूमि पर कूड़ा और गोबर डालकर जबरन अपनी दीवार का निर्माण कर रहे हैं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। उन्होंने तत्काल डायल-112 पुलिस को मौके पर बुलाया, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले का मौके पर कोई ठोस समाधान नहीं कराया और औपचारिक कार्रवाई के बाद लौट गई।
इसके बाद पुनीत कुमार ने कोतवाली बेनीगंज पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि पुलिस कानूनी कार्रवाई करने के बजाय दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास कर रही है, जबकि विपक्षी लगातार दबंगई दिखा रहे हैं और आए दिन विवाद तथा फौजदारी पर आमादा रहते हैं।
पीड़ित ने कहा कि लगातार हो रहे विवाद और कथित दबाव के कारण उनका और उनके परिवार का जीवन प्रभावित हो गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, जिससे उन्हें न्याय मिल सके और भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका समाप्त हो। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
#रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज
Hardoi, Hardoi | Aug 6, 2026