मिरांडा स्कूल के बच्चों ने तारा वृद्धाश्रम में मनाई सार्थक दिवाली, बुजुर्गों की पूरी की मनपसंद इच्छाएं
उदयपुर। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और अपनों के साथ खुशियां साझा करने का संदेश देता है। इसी भावना को साकार करते हुए मिरांडा पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने तारा संस्थान द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में ‘सार्थक दिवाली अभियान’ के तहत ‘Wish Tree – Make a Wish’ कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान बच्चों ने बुजुर्गों की मनपसंद इच्छाएं पूरी कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी।
कार्यक्रम में वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने अपनी पसंदीदा मिठाई खाने, पेड़-पौधे लगाने और परिवार के सदस्यों से बातचीत करने जैसी इच्छाएं जाहिर की थीं। विद्यार्थियों ने इन इच्छाओं को पूरा करने का प्रयास किया। बच्चों ने अपने हाथों से बनाए दीपावली ग्रीटिंग कार्ड भेंट किए तथा बुजुर्गों के साथ खेल खेले, नृत्य किया और दीप प्रज्वलित कर फुलझड़ियां जलाते हुए दीपावली की खुशियां साझा कीं।
तारा संस्थान की प्रमुख कल्पना गोयल ने कहा कि मिरांडा स्कूल के विद्यार्थी प्रतिवर्ष वृद्धाश्रम आकर बुजुर्गों के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां करते हैं, लेकिन इस बार ‘Wish Tree – Make a Wish’ कार्यक्रम विशेष रहा। इंटरनेट के दौर में बच्चों का सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ना सराहनीय है। उन्होंने आयोजन के लिए विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ को बधाई दी।
तारा संस्थान के प्रमुख दीपेश मित्तल ने कहा कि बुजुर्गों की इच्छाओं को जानना और बच्चों द्वारा उन्हें पूरा करने का प्रयास करना बेहद खूबसूरत पहल है। ऐसे अनुभव बच्चों के मन में बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदना और अपनत्व की भावना विकसित करते हैं।
मिरांडा पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर दिलीप सिंह यादव ने बुजुर्गों के अनुभवों को नमन करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग केवल एक पीढ़ी नहीं, बल्कि अपने भीतर पूरी सदी का अनुभव समेटे हुए हैं।
कार्यक्रम का संचालन स्कूल की प्रिंसिपल मोना पालीवाल ने किया। उन्होंने ‘सार्थक दिवाली अभियान’ और बुजुर्गों की इच्छाओं को पूरा करने की पहल के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर डायरेक्टर दिलीप सिंह यादव, प्रिंसिपल मोना पालीवाल, तारा संस्थान प्रमुख कल्पना गोयल एवं दीपेश मित्तल, वृद्धाश्रम प्रबंधक राजकुमार मेघवालम, रेखा, सतीश कलाल सहित स्कूल के विद्यार्थी उपस्थित रहे।