किशनगंज में भाई दूज व भाई फोटा का त्योहार हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया
किशनगंज में भाई दूज और भाई फोटा का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में त्योहार की रौनक देखने को मिली। बहनों ने अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की।
बहनों ने भाइयों के माथे पर चंदन व रोली का तिलक लगाया, आरती उतारी और मुंह मीठा कराया। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनका आशीर्वाद लिया और जीवन भर रक्षा करने का वचन दिया।
बंगाली समुदाय में भाई फोटा की धूम
किशनगंज में बड़ी संख्या में रहने वाले बंगाली समुदाय के लोगों ने भाई फोटा को खास अंदाज में मनाया। बहनों ने भाई के माथे पर फोटा (तिलक) लगाते हुए पारंपरिक मंत्र पढ़ा -
_"भाई के कपाले दिलम फोटा, यमेर दुआरे पड़लो कांटा"_
इस दौरान घरों में तरह-तरह के पकवान बनाए गए। मछली, मिठाई और पायस से भाइयों का स्वागत किया गया।
बाजार में रही रौनक
त्योहार को लेकर बाजारों में भी खूब रौनक रही। मिठाई की दुकानों, उपहार की दुकानों और कपड़े की दुकानों पर सुबह से ही भीड़ उमड़ी रही। बहनें अपने भाइयों के लिए मिठाई, कपड़े और उपहार खरीदती नजर आईं।
शहर के विभिन्न मोहल्लों यथा नेपालगढ कॉलोनी, खगड़ा, सुभाष पल्ली,रूईधासा,लाइन, बहादुरगंज, ठाकुरगंज और गलगलिया में भी भाई दूज का पर्व धूमधाम से मनाया गया।