मनवाखेड़ा में बिजली का तार टूटने से डेढ़ बीघा ज्वार की फसल जलकर राख
किसान नेता विष्णु पटेल ने विद्युत विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप, मुआवजे की मांग
उदयपुर। उदयपुर के समीपवर्ती ग्राम मनवाखेड़ा में बिजली का तार टूटने से खेत में आग लग गई। हादसे में किसान भग्गा डांगी एवं मदन डांगी की करीब डेढ़ बीघा में खड़ी ज्वार की पकी फसल जलकर नष्ट हो गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
किसान नेता विष्णु पटेल ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि करीब एक माह पहले पुराने बिजली के खंभे के टूटने के बाद विभाग ने नया खंभा लगाया था। इसके बावजूद बिजली का तार टूटने से खेत में आग लग गई और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
विष्णु पटेल ने विद्युत विभाग से मामले की जांच करवाने तथा प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।