कलेक्टर ने किया विकासखण्ड राजपुर का भ्रमण
................
शाला, आजीविका भवन एवं स्वास्थ्य केन्द्र का किया औचक निरीक्षण
बड़वानी 09 जुलाई 2026/कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने गुरूवार को विकासखण्ड राजपुर के ग्राम साली, भागसुर एवं सालखेड़ा का भ्रमण किया। इस दौरान कलेक्टर ने प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूल साली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने शिक्षा का गुणवत्ता परीक्षण करने हेतु विद्यार्थियों को अपने समक्ष पढ़वाया साथ ही शिक्षकों को भी यह निर्देशित किया कि वे विषयवार टाईम टेबल बनाकर विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा दे। शिक्षक केवल ज्ञान का प्रसार नहीं करता, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, चरित्र और भविष्य का निर्माण भी करता है। एक शिक्षक का सबसे बड़ा लक्ष्य विद्यार्थियों को ऐसी शिक्षा देना है, जो उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफल, संस्कारी और आत्मनिर्भर बनाए।
आजीविका भवन भागसुर एवं सालखेड़ा का किया निरीक्षण
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने आजीविका भवन भागसुर एवं सालखेड़ा का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने आजीविका भवन भागसुर में समूह की दीदीयों द्वारा बनाये जा रहे सुदाना पशु पोषण आहार निर्माण के कार्य को भी देखा। समूह की दीदीयों ने कलेक्टर को बताया कि वे 1800 रुपये क्विंटल पशु आहार बना रही है। इस पर कलेक्टर ने समूह की दीदीयों से उनके द्वारा किये जा रहे कार्यो के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
इसी प्रकार कलेक्टर ने आजीविका भवन सालखेड़ा में समूह की दीदीयों द्वारा संचालित दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति का भी निरीक्षण कर दीदीयों से दूध की आवक एवं खपत के संबंध में भी चर्चा की।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर सालखेड़ा का किया निरीक्षण
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम सालखेड़ा के आयुष्मान आरोग्य मंदिर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने उपस्थित एएनएम एवं सीएचओ से एएनसी महिलाओं की तीन जांच एवं उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। साथ ही बच्चों के नियमित टीकाकरण के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान कलेक्टर ने यह निर्देशित किया कि कम वजन वाली गर्भवती महिला एवं बच्चे की नियमित मॉनीटरिंग की जाये। अगर महिला गर्भावस्था के दौरान एनीमिक है तो उसे आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं दी जाये। साथ ही अगर बच्चा कम एवं अति कम वजन का है तो उसे एनआरसी में भर्ती करने की सलाह माता-पिता को दी जाये। वही गर्भावस्था के दौरान ही महिला के समस्त दस्तावेज पूर्ण कराये जिससे कि उसे प्रसव पश्चात् मिलने वाली राशि में किसी तरह की कोई परेशानी न आये।
#JansamparkMP
#Badwani
7 views | Barwani, Madhya Pradesh | Jul 9, 2026