नाणू बगोडिया में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर सांस्कृतिक समारोह।
सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल के नाणू बगोडिया में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक एवं साहित्यिक समारोह आयोजित किया गया। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से हुए इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ हिमाचली लोक संस्कृति और साहित्य की शानदार झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि के साथ हुआ। पच्छाद विधायक रीना कश्यप ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण और देश की एकता-अखंडता में योगदान को याद किया। इस दौरान विधायक ने गुरु स्थान झड़ा जी के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
समारोह में सिरमौरी नाटी और लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने खूब रंग जमाया। विधायक रीना कश्यप भी कलाकारों के साथ नाटी में शामिल हुईं। वहीं पद्मश्री विद्यानंद सरेक ने लोक संस्कृति, साहित्य और पारंपरिक विरासत के संरक्षण पर जोर दिया।
कवि सम्मेलन में कवियों ने सामाजिक और राष्ट्रीय विषयों पर रचनाएं प्रस्तुत कर तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में एसडीएम राजगढ़ राज कुमार ठाकुर समेत कई साहित्यकार, लोक कलाकार और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। एसडीएम ने आयोजन को राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने वाला सराहनीय प्रयास बताया।
नाणू बगोडिया का यह समारोह सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देने के साथ हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति और साहित्य को सहेजने का संदेश भी दे गया।
न्यूज टुडे हिमाचल के लिए राजगढ़ से रवि दत्त भारद्वाज की रिपोर्ट