अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, संयुक्त दल ने ट्रैक्टर व कम्प्रेसर किया जब्त
कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ एवं पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा के निर्देशन में जिले में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला खनिज अधिकारी श्री सुखदेव कुमार निर्मल एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री अनिल कुमार के मार्गदर्शन में खनिज विभाग, पुलिस विभाग एवं वन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई की गई।
संयुक्त दल ने ग्राम रंचोली, बटेश्वरा , पढ़ावली एवं टिकरी क्षेत्र में अवैध खनिज पत्थर उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर एवं एक कम्प्रेसर मशीन को जब्त किया गया।
यह कार्रवाई खनिज विभाग, वन विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सुनियोजित रणनीति एवं समन्वय के साथ की गई, जिसके परिणामस्वरूप अवैध गतिविधियों में संलिप्त संसाधनों को पकड़ने में सफलता प्राप्त हुई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे अवैध खनन से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
72 views | Morena, Madhya Pradesh | Jun 14, 2026