यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अब टेक्नोलॉजी आधारित फेसलेस चालान की कार्रवाई
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
चित्तौड़गढ़। विश्व प्रसिद्ध यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल चित्तौड़गढ़ दुर्ग के कारण चित्तौड़गढ़ शहर में बड़ी संख्या में पर्यटकों का आवागमन रहता है। साथ ही भारी वाहनों की आवाजाही के चलते शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाए रखना चित्तौड़गढ़ यातायात पुलिस की प्राथमिकता है। इसको लेकर यातायात पुलिस द्वारा लगातार सतर्कता बरतते हुए यातायात व्यवस्था पर निगरानी रखी जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि चित्तौड़गढ़ शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध VOC ऐप एवं POS मशीन के माध्यम से फोटो आधारित फेसलेस चालान की कार्रवाई की जा रही है, ताकि बिना किसी अनावश्यक विवाद के नियमों की पालना सुनिश्चित करवाई जा सके।
इसी क्रम में यातायात नियमों की पालना नहीं करने वाले वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध यातायात पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब इस कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के लिए तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। VOC ऐप एवं POS मशीन के माध्यम से फोटो लेकर फेसलेस चालान बनाए जा रहे हैं। इस प्रक्रिया में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालक के मोबाइल पर सीधे चालान का मैसेज पहुंचता है।
अक्सर देखा जाता है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान कुछ लोग पुलिस से उलझते हैं, भीड़ एकत्रित करते हैं तथा कार्रवाई से बचने का प्रयास करते हैं, जिससे अनावश्यक अव्यवस्था उत्पन्न होती है। ऐसी स्थिति से बचने और यातायात नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के लिए तकनीक आधारित फेसलेस चालान प्रणाली अपनाई जा रही है।
चित्तौड़गढ़ यातायात पुलिस की आमजन से अपील है कि सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें तथा शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में सहयोग करें।
इसके बावजूद यदि कोई वाहन चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध उपलब्ध आधुनिक तकनीक एवं उपकरणों के माध्यम से अधिक प्रभावी ढंग से चालान की कार्रवाई की जाएगी।