हरदोई में उधारी के 500 रुपये मांगे तो भड़का युवक, किराना दुकान पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, बाजार में मचा हड़कंप...
हरदोई के शाहाबाद में उधारी के महज 500 रुपये मांगना एक दुकानदार को भारी पड़ गया। आरोप है कि रुपये मांगने से नाराज युवक ने दिनदहाड़े किराना दुकान पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटें उठते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदार और लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला शाहाबाद नगर के मोहल्ला इस्लामगंज के पास मुख्य बाजार का है। मोहल्ला अल्हापुर निवासी श्याम बहादुर पुत्र रामदास ने शाहाबाद कोतवाली में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी किराना की दुकान है। मंगलवार को उसने गिगयानी निवासी बबलू से उधारी के 500 रुपये मांगे थे। आरोप है कि रुपये मांगने पर बबलू गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया। श्याम बहादुर के मुताबिक, कुछ देर बाद बबलू प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल लेकर दुकान पर पहुंचा। खतरा भांपकर दुकानदार ने तुरंत दुकान का शटर गिरा दिया। इसी दौरान पेट्रोल दुकान के बाहर रखे किराने के सामान पर गिर गया और आरोप है कि बबलू ने उसमें आग लगा दी। देखते ही देखते सामान धू-धूकर जलने लगा।
घटना के बाद बाजार में दहशत का माहौल बन गया। पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। श्याम बहादुर ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शाहाबाद कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय ने बताया कि पीड़ित की ओर से प्रार्थना पत्र मिला है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर बताया जा रहा है।
Hardoi, Hardoi | Aug 12, 2026