कायाकल्प योजना से आदर्श ग्राम पंचायत बनेगा कोकरसा, डीएम ने किया योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण
जहानाबाद। हुलासगंज प्रखंड की कोकरसा पंचायत को कायाकल्प योजना के तहत आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में विकसित किया जाएगा। बुधवार को जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया ने पंचायत का भ्रमण कर चयनित विभिन्न योजनाओं एवं स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। योजनाओं का चयन स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं पंचायत के मुखिया द्वारा किया गया है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य उपकेंद्र, विद्यालय, सामुदायिक भवन, पीसीसी सड़क, नाली-गली समेत अन्य आधारभूत संरचनाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरम्मती एवं सुधार के प्रस्तावित कार्यों तथा नए निर्माण के लिए चयनित योजनाओं की भी जानकारी ली।
डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मरम्मती एवं सुधार से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर अगले दो से तीन माह में पूरा किया जाए। वहीं, नए निर्माण से संबंधित योजनाओं को चार से पांच माह में पूरा करने की दिशा में तेजी से कार्रवाई की जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रहें, बल्कि समय पर धरातल पर दिखाई दें और ग्रामीणों को उनका सीधा लाभ मिले। कार्यों की गुणवत्ता, उपयोगिता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे।