जिला जेल में राज्यव्यापी "योग सप्ताह अभियान" का शुभारंभ
..
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में बंदियों एवं अधिकारियों ने किया योगाभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का लिया संकल्प
..
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार आयोजित राज्यव्यापी "योग सप्ताह अभियान" का शुभारंभ सोमवार को जिला जेल विदिशा में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना तथा बंदियों में सकारात्मक जीवन मूल्यों का विकास करना रहा है।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष श्री शेख सलीम, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री रमाकांत भारके, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री नितेन्द्र सिंह तोमर, जेल अधीक्षक श्री प्रियदर्शन श्रीवास्तव, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्रीमती दिव्या भलावी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल चीफ श्री सुरजीत सिंह सिकरवार, लीगल एड असिस्टेंट श्री विनोद कुशवाह, श्री अनिमेष तिवारी, जेल स्टॉफ तथा बड़ी संख्या में बंदीगण उपस्थित रहे।
राज्यस्तरीय अभियान का शुभारंभ कार्यवाहक मुख्य न्यायाधिपति, उच्च न्यायालय जबलपुर मध्यप्रदेश श्री विवेक रूसिया द्वारा केन्द्रीय जेल जबलपुर में किया गया। इस उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला जेल विदिशा में भी प्रदर्शित किया गया, जिससे उपस्थित अधिकारी एवं बंदी राज्यस्तरीय आयोजन से जुड़ सके।
उद्घाटन सत्र के उपरांत ऑनलाइन माध्यम से योगाभ्यास एवं प्राणायाम का विशेष सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। साथ ही योग के नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक लाभों, मानसिक तनाव में कमी, एकाग्रता में वृद्धि तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा के संचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं।
कार्यक्रम में शामिल अधिकारियों एवं बंदियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योग सत्र में भाग लिया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। योग सप्ताह अभियान के माध्यम से बंदियों को आत्म-सुधार, आत्म-अनुशासन तथा मानसिक सुदृढ़ता की दिशा में प्रेरित करने का प्रयास किया गया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष श्री शेख सलीम ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि जेलों में योग कार्यक्रमों के नियमित आयोजन से बंदियों में आत्मविश्वास, आत्मानुशासन और सकारात्मक सोच का विकास होता है। योग मानसिक तनाव को कम करने के साथ-साथ जीवन में नई ऊर्जा और आशा का संचार करता है, जिससे व्यक्तित्व निर्माण एवं पुनर्वास की प्रक्रिया को भी बल मिलता है।
उन्होंने कहा कि योग केवल एक शारीरिक क्रिया नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक बनाती है। योग सप्ताह अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि समाज में स्वास्थ्य एवं जागरूकता का वातावरण निर्मित हो सके। जिला जेल में आयोजित यह कार्यक्रम योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने, बंदियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने तथा उन्हें सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
Jansampark Madhya Pradesh
#vidisha #JansamparkMP
48 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Jun 15, 2026