मुख्यमंत्री जन कल्याण शिविर: समस्याओं का हुआ ऑन-द-स्पॉट समाधान, खुशी-खुशी घर लौटे हितग्राही
..
नटेरन जनपद पंचायत व शमशाबाद निकाय का संयुक्त मुख्यमंत्री जन कल्याण शिविर के तीसरे दिन भी हितग्राहियों का उत्साह देखते ही बना। नटेरन जनपद पंचायत के सभागार परिसर में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के स्टालों पर बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। आज के शिविर में कुल 380 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 230 मामलों का मौके पर ही संवेदनशील और त्वरित निराकरण कर दिया गया। शेष बचे आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर समय-सीमा में निराकरण के लिए सूचीबद्ध किया गया है। मौके पर ही समस्याओं का समाधान पाकर दूर-दराज से आए आवेदक बेहद खुश नजर आए। अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) अजय प्रताप सिंह पटेल पूरे समय शिविर में मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों की शिकायतों को बेहद सहानुभूतिपूर्वक सुना और सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
समापन सत्र में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
शिविर के समापन सत्र में एसडीएम अजय प्रताप सिंह पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि यशपाल सिंह रघुवंशी, जनपद सदस्य अंशुज प्रसाद शर्मा, पूर्व उपाध्यक्ष निरंजन सिंह रघुवंशी सहित नटेरन और शमशाबाद के तहसीलदार, नायब तहसीलदार, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पमारिया की निवासी गिरजा मीणा को 'एक बगिया मां के नाम' अभियान के अंतर्गत अपनी बगिया को उत्कृष्ट तरीके से विकसित करने के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही शिविर में कई हितग्राहियों को जाति प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।
शिविर की 3 बड़ी 'सफलता की कहानियां 👇
शिविर में प्रशासनिक मुस्तैदी के चलते कई चेहरों पर मुस्कान लौटी। इनमें से तीन प्रमुख सफलता की कहानियां इस प्रकार हैं -
मिनटों में बना श्रुति पाल का आयुष्मान कार्ड, जताया आभार
बम्होरी (तहसील शमशाबाद) की निवासी श्रुति पाल पिछले काफी समय से अपना आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए परेशान थीं। शिविर में आयुष्मान कार्ड के स्टाल पर तैनात कर्मचारी राजकुमार और राहुल विश्वकर्मा ने एसडीएम के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए मिनटों में श्रुति का आयुष्मान कार्ड बनाकर उन्हें सौंप दिया।
श्रुति पाल ने कहा:"मैं बहुत दिनों से परेशान थी और मेरा कार्ड नहीं बन पा रहा था। लेकिन आज यहाँ मिनटों में काम हो गया। यह योजना सचमुच गरीबों के लिए वरदान है, जिससे हम निजी अस्पतालों में भी मुफ्त इलाज करा सकते हैं। मैं शासन-प्रशासन का दिल से आभार व्यक्त करती हूँ।"
सिमरन के आधार कार्ड में सुधरी जन्मतिथि, अब मिलेगी छात्रवृत्ति
नटेरन के सांदीपन शासकीय स्कूल में कक्षा 11वीं (कला संकाय) की छात्रा सिमरन कुशवाह निवासी नटेरन भी अपनी समस्या लेकर शिविर पहुंची थीं। सिमरन के आधार कार्ड में जन्म तिथि गलत दर्ज थी, जिसके कारण उनकी 'अपार आईडी' (APAAR ID) नहीं बन पा रही थी और छात्रवृत्ति सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में दिक्कत आ रही थी। आधार कैंप के स्टाल पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल सिमरन के दस्तावेज देखकर उनके आधार कार्ड में जन्मदिनांक को संशोधित किया। काम चुटकियों में होने पर सिमरन ने जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।
प्रेमसिंह धाकड़ को पशुपालन लोन का स्वीकृति पत्र मौके पर मिला
डंगरवाड़ा (तहसील शमशाबाद) के निवासी प्रेमसिंह धाकड़ पशुपालन विभाग के स्टाल पर पहुंचे और 'आचार्य विद्यासागर गौसंवर्धन योजना' के तहत आवेदन किया। स्टाल पर उपस्थित कर्मचारियों ने मौके पर ही उनके आवेदन को मंजूरी दी। यहीं नहीं, शिविर में मौजूद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) शमशाबाद के अधिकारियों ने तुरंत लोन स्वीकृत कर स्वीकृति पत्र प्रेमसिंह के हाथों में सौंप दिया। इस योजना के तहत अब प्रेमसिंह सब्सिडी का लाभ लेकर अपने रोजगार को और बड़ा कर सकेंगे। अचानक मिली इस बड़ी सफलता से प्रेमसिंह की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
यह शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक बेहद प्रभावी और मील का पत्थर साबित रहा है।
#जनकल्याण_अभियान #JanKalyanAbhiyan
#JansamparkMP #vidisha
2 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Jun 17, 2026