काशी छठ घाट पर रोशनी के लिए एसडीएम ने बढ़ाया सहयोग, उपलब्ध कराई स्ट्रीट लाइट
घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, बिजली के ढीले तारों को तत्काल दुरुस्त करने का दिया निर्देश
बिक्रमगंज (रोहतास)। छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा के लिए अनुमंडल प्रशासन लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में एसडीएम दिलीप कुमार ने नगर परिषद क्षेत्र स्थित काशी छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अपने स्तर से पहल करते हुए घाट पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइट उपलब्ध कराई और उसे छठ पूजा समिति को सौंपा।
एसडीएम की इस पहल से संध्या और उषाकालीन अर्घ्य के दौरान घाट पर पहुंचने वाले व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट की साफ-सफाई, रोशनी, विद्युत सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।
इस दौरान कुछ स्थानों पर बिजली के तार ढीले पाए गए। एसडीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल, बिक्रमगंज के विद्युत अभियंता को तत्काल ढीले तारों को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ घाटों पर विद्युत सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने का निर्देश दिया। एसडीएम ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में व्रतियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
काशी छठ घाट पूजा समिति के सदस्यों ने एसडीएम की पहल की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार जताया। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के पदाधिकारी, कार्यपालक दंडाधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे।